जेसीसी-जे के प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र बघेल ने कहा- लाकडाउन में प्रदेश सरकार किसानों को दे बोनस की राशि
मरवाही (अनुपम शुक्ला)। प्रदेश सरकार के द्वारा समय रहते लिए गए लॉकडाउन का निर्णय प्रशासन के सहयोग और अधिकांश जनता का खुद के सही ढंग से अमल करने के चलते प्रदेश में अभी तक 21 दिन से चले आ रहे लाकडाउन सरकार के पूर्ण नियंत्रण में है।
इस संकट की घड़ी में सभी वर्गों का ध्यान केंद्र व राज्य सरकार रख रही है। पर इस विषम परिस्थिति में किसानों का भी ध्यान रखना बहुत जरूरी है। जोगी कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता वीरेंद्र बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार को चाहिए कि इस विषम परिस्थितियों में सरकार किसानों को अपने वचनानुसार शेष बची हुई राशि 685 रुपए को देती है तो किसानों के लिए यह राशि इस विपदा की घड़ी में संजीवनी बूटी से कम नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि कर्ज के जाल में पहले से ही फंसे किसानों पर जहां हर बार मौसम की मार पड़ती है तो वहीं इस बार कोरोना का काला साया है। फसल खेत में तैयार खड़ी है लेकिन कटाई का इंतज़ाम नहीं हो पा रहा है। कहीं पर मजदूरों और मशीनों की समस्या है तो कहीं पैसों की। इन सब के बीच किसान कर्ज की वापसी को लेकर भी चिंतित है।
इस वर्ष वैसे भी किसान बिना मौसम की की बारिश से बर्बाद होने के कगार पर हैं और किसानों के गेहूं, चना, अलसी व दलहन की फसल सहित सब्जी आदि को भी भारी नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार अगर इस विषम परिस्थितियों में बोनस प्रदान करती है तो इससे किसानों के चेहरे में खुशी जरूर लौटेगी। क्योंकि मजदूर गरीब के साथ किसान भी इस कोरोना वायरस की आर्थिक मार झेल रहे हैं।