पेण्ड्रा-मरवाही

नगरपालिका अध्यक्ष के लिए बहुमत भाजपा के पास लेकिन कांग्रेस भी पीछे नहीं

गोटी बिठाने और क्रॉस वोटिंग की जुगत में दोनों दल

मुंगेली । कल 6 जनवरी को होने वाले नगरपालिका अध्यक्ष चुनाव के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ने तैयारी कर ली है। मुंगेली नगर पालिका में बहुमत तो भाजपा के पास है लेकिन कांग्रेस के कई दिग्गज चुनावी जोड़तोड़ में लगे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस के ही कई पार्षद भाजपा के संपर्क में हैं और उपाध्यक्ष के लिए गोटी बिठाने में लगे हुए हैं।

मुंगेली नगरपालिका का चुनाव इस बार काफी प्रतिष्ठापूर्ण है। जिला बन जाने के बाद से लोगों की महत्वाकांक्षा भी बढ़ी है। अब भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के लोग जोड़-तोड़ कर चुनाव जीतने की तैयारी में हैं। नगरपालिका में वार्डों का चुनाव और उसके परिणाम को यदी सीधे देखें तो 22 सदस्यीय पार्षदों में 11 पार्षद भाजपा के हैं 9 कांग्रेस, 1 जोगी कांग्रेस और 1 निर्दलीय है। 1 निर्दलीय ने भाजपा का दामन थाम लिया। इस तरह भाजपा के अब 12 पार्षद हो गए हैं। जोगी कांग्रेस के 1 पार्षद हैं लेकिन उसने अपना पत्ता नहीं खोला है। कांग्रेस के 9 पार्षद में 3 अध्यक्ष बनना चाह रहे हैं। जाहिर है कांग्रेस में अबकी बार एका नहीं है।

वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष सावित्री सोनी चुनाव हार गईं लेकिन उनका पुत्र मनुराज सोनी चुनाव जीत चुके हैं। मुंगेली नगरपालिका की जोड़-तोड़ को पूर्व अध्यक्ष अनिल सोनी ठीक तरह से समझते हैं। अभी स्पष्ट नहीं है लेकिन मनुराज की दावेदारी अध्यक्ष पद के लिए होगी ऐसा लोग मान रहे हैं। कांग्रेस के ही हेमेंद्र गोस्वामी ने तो पूरे दमखम के साथ चुनाव लड़ा है। वे भी कांग्रेस के पार्षद हैं और वे भी एक दावेदार माने जा रहे हैं। फिर से पार्षद बने अरिवंद वैष्णव भी एक दावेदार में शामिल हैं। कांग्रेस खेमे में किसी नाम को लेकर एका है या नहीं यह अभी स्पष्ट नहीं है।

भाजपा खेमें में अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार संतु सोनकर को माना जा रहा है। हालांकि वे कुछ माह पहले ही भाजपा में शामिल हुए हैं। इस हिसाब से पुराने भाजपाइयों को उनकी दावेदारी पर ऐतराज है। खुलकर कोई कह नहीं रहा है लेकिन अंदर से ऐसा है। आनंद देवांगन को भी एक दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। मुंगेली शहर की राजनीति में अच्छी पैठ रखने वाले विधायक पुन्नुलाल मोहले के करीबी मोहन मल्लाह भी पार्षद हैं। उनकी भी दावेदारी हो सकती है लेकिन सूत्रों का कहना है कि मोहन मल्लाह उपाध्यक्ष भी बन सकते हैं। कांग्रेस और भाजपा के पर्यवेक्षक आज शाम से अध्यक्ष बनाने के जोड़-तोड़ में सक्रिय होंगे। भाजपा को बहुमत होने के कारण भरोसा है तो कांग्रेस खेमे का कहना है कि अध्यक्ष हमारा भी हो सकता है। क्रॉस वोटिंग नगर पालिका में होता है। अब क्रॉस वोटिंग भाजपा के तरफ से ही होगा या कांग्रेसी भी क्रॉस वोटिंग करेंगे यह कल पता चलेगा।

©मुंगेली से अजीत यादव की रपट
Back to top button