पेण्ड्रा-मरवाही

बारिश के बाद ओलावृष्टि से फिर ठंड की मार, रबी फसल और समितियों में रखे धान बर्बाद होने की संभावना

पेंड्रा (अमित रजक)। जिले में कल से कहीं कहीं बारिश हो रही थी, आज दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे ग्राम सेंवरा और दुबटिया में जमकर ओले गिरे। ओलावृष्टि जिले के कई गांवों में होने की सूचना है। मौसम एकबार फिर से यहां सर्द हो गया है।

पिछले दो-चार दिनों से गर्मी का अहसास दिन में होने लगा था मगर रात में तापमान 25 डिग्री के आसपास था। इसलिए सर्दी अभी खतम नहीं हुई थी। दो दिन पूर्व मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में बारिश का एलर्ट किया था। इसका सबसे ज्यादा असर गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में देखने को मिला। कल 22 फरवरी को जिले के कई स्थानों में बारिश हुई। बारिश सामान्य थी इसलिए जनजीवन पर असर नहीं पड़ रहा था। आज दोपहर अचानक मौसम में परिवर्तन होने के बाद ठंड फिर से यहां लौट आई है।

पेड्रा क्षेत्र के ग्राम सेंवरा और दुबटिया में आज दोपहर साढ़े तीन बजे ओले गिरे। यहां पर ओले चने के साइज से आंवले के आकार तक देखा गया। लगभग 15 मिनट तक बर्फ गिरने और तेज हवाएं चलने के कारण मौसम फिर से ठंड का हो गया है। बारिश और बर्फबारी से रबी फसल को काफी नुकसान होगा। धान खरीदी केंद्रों में हजारों क्विंटल धान अभी बाहर रखा हुआ है। किसी भी धान केंद्र में पर्याप्त मात्रा में तालपोलिन की व्यवस्था नहीं है। जिससे धान के बर्बाद होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जिले में बारिश और ओले पड़ने से किसानों को और धार खरीदी केंद्रों में कितना नुकसान हुआ होगा आज इसका आंकलन नहीं हो पाया। रविवार होने के कारण  अधिकारियों से भी संपर्क नहीं हो पाया।

Back to top button