मध्य प्रदेश

हरसिद्धि मंदिर से महाकाल मार्ग को अब संत सत्यमित्रानंद के नाम से जाना जाएगा …

उज्जैन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज उज्जैन में नृसिंह घाट के पास स्थित समन्वय परिवार के आश्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति का अनावरण किया। मुख्यमंत्री इस दौरान महाकाल कॉरिडोर का भी निरीक्षण किया। आगामी 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री  700 करोड़ की लागत से बने महाकाल कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे।

उज्जैन में नृसिंह घाट रोड पर शंकराचार्य मठ के पास निलयम में भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की मूर्ति लगाई गई है। मूर्ति का अनावरण करते हुए सीएम ने कहा कि श्रीस्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज के आशीर्वाद से हमारा देश, हमारी संस्कृति आगे बढ़ रही है। उनका आशीर्वाद सर्वदा हम सब पर बना रहे, यही प्रार्थना करता हूं। मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि हरसिद्धि मंदिर से महाकाल मार्ग को अब संत सत्यमित्रानंद जी के नाम से जाना जाएगा।

सीएम मूर्ति अनावरण के बाद अथर्व होटल में संतों के कार्यक्रम में पहुंचे। कार्यक्रम में वैदिक बटुकों ने मंत्रोच्चार कर पूजन कराया। इस अवसर पर जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज, श्रीराम मंदिर ट्रस्ट अयोध्या के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी महाराज, चिदानंद महाराज, अखिलेशानंद महाराज, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक पारस जैन, छत्रसाल यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. टीआर थापक, समन्वय परिवार के वरिष्ठ सदस्य मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे। ये जानकारी खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में दी। मोदी यहां महाकालेश्वर दर्शन करेंगे। इसके बाद महाकाल विस्तारीकरण योजना के तहत पहले फेज में तैयार महाकाल पथ, रुद्र सागर और यूडीए के यात्री सुविधा केंद्र का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद महाकाल कॉरिडोर को जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले पीएम इसी साल जून में आने वाले थे, लेकिन तब पंचायत और निकाय चुनाव के कारण आचार संहिता लगने से प्रधानमंत्री का उज्जैन दौरा रद्द हो गया।

Back to top button