मध्य प्रदेश

एमपी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की आज बुरहानपुर से एंट्री, खंडवा के कुमठी, मोकलगांव और मोरटक्का में यात्रा करेगी रात्रि विश्राम ….

भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा संभवत: 20 नवंबर को प्रवेश करेगी। बुरहानपुर से होकर खंडवा, खरगोन, इंदौर होते हुए यात्रा गुजरात में प्रवेश करेगी। सोमवार को कांग्रेस के नेता व यात्रा प्रभारी सुशांत मिश्रा ने रूट का जायजा लिया। उन्होंने खंडवा, खरगोन जिले के नेताओं के साथ इंदौर में बैठक भी ली।

यात्रा प्रभारी के अनुसार खंडवा जिले में 80 किलोमीटर यात्रा का पड़ाव तीन स्थानों पर रहेगा। बताया गया कि 22 नवंबर को कुमठी, 23 को मोकलगांव (छैगांवमाखन) और 24 नवंबर को मोरटक्का में यात्रा का रात्रि विश्राम होगा। सोमवार रात में इंदौर में प्रदेश के प्रभारी पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने जिला प्रभारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी के साथ चल रहे 500 भारत जोड़ो यात्रा के यात्रियों के लिए अलग से रात्रि विश्राम वाली जगह पर परिसर बनेगा। जबकि, प्रदेश के कार्यकर्ताओं के लिए वहीं पर अलग से वॉटर प्रूफ डोम लगाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के भोजन व ठहरने की व्यवस्था प्रदेश कांग्रेस कमेटी करेगी।

प्रदेश के 52 जिलों में भारत जोड़ो यात्रा की 17 उप-यात्राएं निकलेंगी। इन यात्राओं के रूट तय हो चुके हैं। बालाघाट से चलने वाली उप-यात्रा सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, हरदा की यात्राएं खंडवा में मिलेंगी। यह यात्रा 613 किमी चलकर बालाघाट से वाया छिंदवाड़ा होकर खंडवा आएगी।

खंडवा जिला समन्वय अवधेशसिंह सिसोदिया और विकास व्यास ने बताया कि उप-यात्राओं को लेकर जिले में ब्लॉक, मंडलम और सेक्टर स्तर पर समन्वयक बनाए गए हैं। जिले में उप-यात्रा दीपावली पर्व के बाद शुरू होगी, जो खंडवा, पंधाना, हरसूद, मांधाता से होते हुए गांधी की मुख्य यात्रा में शामिल होगी।

यात्रा प्रतिदिन सुबह 6 बजे झंडा वंदन के साथ शुरू होगी। 13 से 15 किलोमीटर चलने के पश्चात हर दिन भोजन और विश्राम के लिए रुकेगी। इसके बाद 10 किलोमीटर चलकर रात में नुक्कड़ सभा के बाद तय स्थान पर ठहरेगी। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेता आलोक सिंह रावत, यशवंत सिलावट, नानकराम वड़वाहे, छैगांवमाखन जनपद अध्यक्ष महेंद्र सिंह सावनेर सहित अन्य नेता शामिल रहे।

Back to top button