मध्य प्रदेश

42 साल की महिला से कांग्रेस नेता ने किया रेप: FIR, कांग्रेस ने भी हटाया ….

गुना। एमपी के गुना जिले के चाचौड़ा इलाके के एक कांग्रेस नेता पर महिला ने रेप का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर कांग्रेस नेता पर केस दर्ज कर लिया गया है। 42 वर्षीय पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर कांग्रेस नेता प्रदीप सोनी ने उसे घर बुलाया और जबरदस्ती गलत काम किया। उधर, जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय ने आरोपी प्रदीप सोनी को बीनागंज शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद से निष्कासित कर दिया है।

चांचौड़ा थाने के टीआई रवि गुप्ता ने बताया कि 42 वर्षीय महिला ने रविवार शाम थाने पर शिकायत की है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि बीनागंज निवासी प्रदीप सोनी ने उसे बेटे को नौकरी लगाने के नाम पर अपने घर बुलाया। वहां उससे जबरदस्ती गलत काम किया। महिला का बीनागंज आना-जाना रहता था, तभी से वह प्रदीप सोनी को जानती है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्रदीप सोनी पर रेप की धाराओं में मामला दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है, पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

चाचौड़ा निवासी महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि बीनागंज में आते-जाते समय उसकी मुलाकात प्रदीप पुत्र रामभरोसा सोनी निवासी वार्ड न. 13 घोसी मोहल्ला बीनागंज से हुई। तब उसने बोला वह मेरे लड़के की नौकरी लगवा देगा। मुझे मेरे लड़के की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 17 अगस्त को प्रदीप सोनी बीनागंज बाजार से सुबह करीब 10 बजे अपने घर घोसी मोहल्ला बीनागंज ले गया। उस समय उसके लड़का, लड़की व पत्नी कोई भी घर पर नहीं था। तब प्रदीप सोनी ने मुझे उसके कमरे में ले जाकर जबरदस्ती रेप किया। इसके बाद मुझे कई बार अपने सूने घर में प्रदीप सोनी ने बुलाया और मेरे साथ गलत काम किया। इसी दौरान प्रदीप सोनी ने अपने साथ मेरे अश्लील फोटो खींच लिए। मुझे आज पता चला है कि 16 सितंबर को प्रदीप सोनी ने मेरे अश्लील फोटो किसी व्हाटसप ग्रुप में वायरल कर दिए हैं। फिर मैंने पूरी बात अपने पति को बताई। इसके बाद थाने आकर शिकायत कर रही हूं।

उधर, मामला सामने आते ही पार्टी ने कार्रवाई करते हुए प्रदीप सोनी को बीनागंज शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद से निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष हरिशंकर विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की नाराजगी के कारण उन्हें शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद से निष्कासित किया गया है। रविवार को ही जिलाध्यक्ष ने निष्कासन का पत्र जारी किया है।

प्रदीप सोनी पिछले चार वर्षों से बीनागंज शहर कांग्रेस अध्यक्ष है। इससे पहले वह संगठन में भी काम कर चुके हैं। वह चाचौड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह के करीबी बताए जाते हैं। दो महीने पहले हुए नगरीय निकाय चुनावों में पति-पत्नी दोनों ने चुनाव लड़ा था। वार्ड 10 से उनकी पत्नी चुनाव लड़ी थीं, वहीं वार्ड 11 से प्रदीप सोनी खुद कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, दोनों ही यह चुनाव हार गए थे।

Back to top button