मध्य प्रदेश

भोपाल की मानसी और इंदाैर के प्रद्युम्न ने नर्मदा की उफनती लहरों से निकाला सोना

हरियाणा की प्रीति पाल ने सिल्वर और कर्नाटक की धृति मारिया ने कांस्य पदक जीता

भोपाल/खरगोन। मध्यप्रदेश के कई शहरों में इन दिनों खेलो इंडिया यूथ गेम्स की धूम है। एमपी के खरगोन जिले के महेश्वर स्थित सहस्रधारा में नर्मदा की लहरों में सोमवार को केनो सलालम नेशनल चैंपियनशिप की शुरूआत हुई। प्रतियोगिता के पहले दिन प्रदेश के 2 खिलाड़ी मानसी बाथम और प्रद्युम्न सिंह राठौर ने गोल्ड पर कब्जा जमाया।

मानसी बाधम

प्रद्युम्न सिंह राठौर

प्रतियोगिता के अंडर 18 महिला वर्ग में भोपाल अकेडमी की मानसी बाधम ने सबसे कम समय (128.596 सेकंड) में गेट पार कर गोल्ड मेडल जीता। दूसरे नंबर पर हरियाणा की प्रीति पाल (491.172 सेकंड) रही, जिसे सिल्वर मेडल मिला। जबकि तीसरे नंबर पर कर्नाटक की धृति मारिया (559.120 सेकंड) रही, उन्हें ब्रांज मेडल मिला। वहीं,  मध्यप्रदेश के इंदौर के खिलाड़ी प्रद्युम्न सिंह राठौर ने 76.850 सेकंड में गेट पार कर गोल्ड जीता है। जबकि मेघालय के पेनसंग गाइन कुरबाह ने गेट पार करने के लिए 98.310 सेकंड का समय लिया। वहीं, गुजरात के अनक चौहान ने 104.030 सेकंड का समय लेकर ब्रांज जीता है।

इससे पूर्व सुबह 9:30 बजे खरगोन जिले के कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा और एसपी धर्मवीर सिंह यादव ने सहस्त्रधारा स्थल पर फीता काटकर शुभारंभ किया। इस मौके पर तिरंगा बलून आसमान में छोड़ा गया। इसके बाद वीआईपी टैंट से खेलो इंडिया की नेशनल चैंपियनशिप को अधिकारियों ने निहारा। नेशनल चैंपियनशिप में सबसे पहले अंडर-18 में सी1 महिला वर्ग की प्रतियोगिता शुरू हुई। जिसमें 9 राज्यों की महिला खिलाड़ियों ने सहस्त्रधारा की तेज धार में अपना हुनर दिखाया। कार्यक्रम में दोपहर में खेल एवं युवक कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया भी मौजूद रहीं। सहस्त्रधारा में करीब 150-200 मीटर की दूरी पर कुल 18 गेट हवा में टांगे गए हैं। 12 गेट बहते पानी की दिशा में हैं। इनका रंग हरा, सफेद और 6 गेट बहाव के विपरीत बनाए गए हैं। इनका रंग लाल और सफेद पट्टी में रखा गया है। इन गेट्स को टफ करने पर 2 सैकंडर की पेनल्टी और गेट को मिस करने पर 50 सैकंडर की पेनल्टी होगी। जिस खिलाड़ी का सबसे कम समय होगा, वो मेडल का हकदार होगा। 200 मीटर ट्रैक पर चल रही इस प्रतियोगिता में देश के 15 राज्य के कुल 36 खिलाड़ी अलग-अलग वर्ग में भाग ले रहे हैं, जो नर्मदा की लहरों के प्राकृतिक ट्रैक पर अपना हुनर दिखा रहे हैं।

सहस्रधारा से प्रतियोगिता का हो रहा सीधा प्रसारण

महेश्वर में चल रही इस प्रतियोगिता का लुत्फ सीधे घर बैठे लिया जा सकेगा। इसका सीधा प्रसारण जनसंपर्क की वेबसाइट पर किया जा रहा है। कलेक्टर खरगोन के फेसबुक और ट्विटर अकाउंट पर भी इसे लाइव देखा जा सकता है।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स: पदक तालिका में एमपी तीसरे स्थान पर
खेलो इंडिया यूथ गेम्स मेडल टेबल में मध्यप्रदेश 21 गोल्ड, 13 सिल्वर और 19 ब्रांज के साथ के साथ तीसरे नंबर पर है। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश को अब तक कुल 53 मेडल मिले हैं। प्रतियोगिता में महाराष्ट्र 26 गोल्ड के साथ पहले नंबर पर है। जबकि, दूसरे नंबर पर हरियाणा है। हरियाणा के खिलाड़ियों ने 22 गोल्ड, 16 सिल्वर और 15 ब्रांज के साथ कुल 53 मेडल अब तक जीते हैं।

Back to top button