मध्य प्रदेश

मिशन 2023: कमलनाथ ने खेला बड़ा चुनावी दांव, कहा- सरकार बनते ही पुरानी पेंशन लागू करेंगे

पूर्व सीएम औऱ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट के जरिये की घोषणा

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए अब एक साल से भी कम समय बचा है। इसी के चलते ही प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा एवं कांग्रेस पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। बीजेपी जहां फील्ड में उतर चुकी है और माहौल बनाने में जुट गई है। कांग्रेस भी खासकर, सोशल मीडिया के सहारे प्रचार में जुट गई है और मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करना शुरू कर दिया है। दोनों ही पार्टी के नेता, कार्यकर्ता अब जनता के बीच चुनावी मुद्दे को पहुंचाने में लग गए हैं। इसी कड़ी में कमलनाथ ने एक और बड़ा चुनावी दांव खेलते हुए घोषणा की है कि एमपी में कांग्रेस की सरकार बनते ही कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना को बहाल कर दिया जाएगा।

ज्ञात हो कि, मध्यप्रदेश में कांग्रेस की कई योजनाओं को 2018 के विधानसभा चुनाव में मास्टर स्ट्रोक माना गया था, इन्हीं योजनाओं के दम पर कांग्रेस ने 15 साल बाद मध्य प्रदेश की सत्ता में वापसी की थी। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बंद करके सरकारी कर्मचारियों से रिटायरमेंट के बाद जीवन-यापन का हक़ छीन लिया था। अब मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही हम पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे और कर्मचारियों को सम्मान का जीवन देंगे। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने पुरानी पेंशन योजना बंद करके सरकारी कर्मचारियों से रिटायरमेंट के बाद जीवन-यापन का हक़ छीन लिया।

कांग्रेस शासित राज्यों में पुरानी पेंशन कर दी बहाल

कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान और छत्तीसगढ़ में पुरानी पेंशन बहाल करने की घोषणा कर दी है, लेकिन बीजेपी शासित राज्यों में इसे लेकर संशय है। वहीं कमलनाथ ने इसे लेकर बड़ा दांव चलते हुए घोषणा कर दी है कि आगामी विधानसभा चुनाव में एमपी में कांग्रेस सरकार बनते ही सरकारी कर्मचारियों की पेंशन को फिर बहाल कर दिया जाएगा। भाजपा ने वृद्धावस्था में कर्मचारियों से जीने का हक छीन लिया है, जो हम उन्हें वापस लौटाएंगे।

वृद्धा पेंशन भी बढ़ाने का वादा कर चुके हैं कमलनाथ

इससे पहले कमलनाथ ने 26 दिसंबर 2022 को एक और घोषणा का ट्वीट करते हुए लिखा था कि  हमने वृद्धावस्था पेंशन को 300 से बढ़ाकर 600 रुपये किया और हम इसे 1000 रूपये करने जा रहे थे। सौदेबाज़ी से हमारी सरकार गिरा दी गई और बुजुर्गों का 1000 रुपये महीने पेंशन का हक़ मारा गया। अब मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनते ही हम वृद्धावस्था पेंशन को बढ़ाकर 1000 रुपये महीना करेंगे।

यह भी पढ़ें…

कर्मचारियों की चेतावनी: ओल्ड पेंशन लागू नहीं की तो बदल देंगे सरकार, एक महीने का दिया अल्टीमेटम

Back to top button