मध्य प्रदेश

इंदौर आई मुंबई की इवेंट मैनेजर को 35 टुकड़े करने की धमकी देने वाला लिव इन पार्टनर गिरफ्तार

युवती की शिकायत पर दुष्कर्म और धमकी सहित अन्य धाराओं में दर्ज किया है केस

इंदौर। मुंबई से इंदौर आई एक युवती को उसके लिव इन पार्टनर ने 35 टुकड़े करने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। युवती इंदौर में इवेंट मैनेजमेंट का काम करती है और यहां की कालिंदी गोल्ड सिटी में रहती है। आरोपी को वह करीब एक साल से जानती है।

वाणगंगा थाने के टीआई राजेन्द्र सोनी के मुताबिक इलाके में रहने वाली 22 साल की एक युवती सोमवार को थाने आई थी। युवती ने बताया कुछ साल पहले काम के सिलसिले में वह इंदौर आई थी। यहां इवेंट मैनेजमेंट का काम करने लगी। मार्च 2022 में उसकी पहचान शुभम पुत्र गोवर्धन परमार निवासी शिव कंठ कॉलोनी से हुई थी। दोनों मोबाइल पर बात करने लगे। इस दौरान पीड़िता के रूम पर शुभम का आना-जाना हो गया। वह कई बार उसके पास ही रुक जाता था। आरोपी ने अप्रैल 2022 में पीड़िता से जबरदस्ती रिलेशन बना लिए। शुभम ने कहा कि वह उससे प्यार करता है और शादी करेगा। इसके चलते वह उसकी बात में आ गई। शुभम ने इसके बाद कई बार संबंध बनाए और साथ रहने लगा। हर बार शादी की बात करने पर वह टाल देता।

पुलिस के अनुसार युवती ने अपनी शिकायत में कहा है कि शुभम ने शादी की बात कहकर उससे कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती शादी करने की बात करती थी तो टाल देता था और कहता कि कुछ समय बाद शादी कर लेंगे। अभी वह कैरियर पर ध्यान दे रहा है। दो साल तक शादी की बात टालने पर  5 जनवरी 2023 को शुभम से उसने फिर से शादी की बात की, लेकिन बात टालते हुए शुभम ने फिर से युवती के साथ जबदस्ती की। जब युवती ने शादी की जिद की तो शुभम ने उसे धमकी दी कि वह उसका कुछ नही बिगाड़ सकती। उसकी शहर में बहुत पहचान है। किसी से कुछ कहा तो 35 टुकड़े करवा देगा और कहीं भी फेंक देगा। इसके बाद युवती ने मामले की जानकारी अपने परिवार को  दी और उसके बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Back to top button