मध्य प्रदेश

ग्वालियर की सभा में कांग्रेस नेत्री प्रियंका ने साधा निशाना : पीएम ने विपक्षी नेताओं का अपमान किया

भोपाल/ ग्वालियर। प्रियंका वाड्रा ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आयोजित जनआक्रोश रैली में प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि राजनीतिक सभ्यता बनाए रखने की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री की होती है। लेकिन प्रधानमंत्री ने पिछले दिनों सभी योग्य व संघर्ष करने वाले विपक्ष के नेताओं को चोर बोल डाला। वरिष्ठ नेता, पार्टियों के नेता जिनका आदर है, उनका अपमान कर दिया। उन्होंने कहा कि दो महीनों से मणिपुर जल रहा है। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है। लेकिन प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर चुप हैं। वे जब 77 दिन बाद बोले तो मणिपुर हिंसा पर कम, विपक्ष की सरकार वाले प्रदेशों की घटनाओं पर ज्यादा बात की।

प्रियंका ने प्रदेश में सरकार बनने पर दी यह गारंटी

प्रियंका वाड्रा ने कहा कि यदि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी तो मैं प्रदेश के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम, महिलाओं को पांच सौ रुपए में सिलेंडर देने व सौ यूनिट बिजली फ्री में देने की गारंटी देती हूं। इसके साथ ही बहनों के खाते में 15 सौ रुपए डाले जाएंगे। गैस सिलेंडर 500 रुपए में दिलाया जाएगा। 100 यूनिट बिजली माफ होगी। कर्ज माफी का काम पूरा करेंगे। दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी। हमारी जहां सरकारें हैं वहां जो गारंटी दी। वह निभाई जा रही हैंं।

प्रदेश में भर्ती के नाम पर हो रहे घोटाले

प्रियंका ने कहा आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। टमाटर डेढ़ सौ रुपये में खरीद नहीं सकते। बारिश के समय घर की मरम्मत महंगी हो रही है। बच्चों की फीस भरना मुश्किल हो गया है। पूरे जीवन पर एक बड़ा बोझ बन गई है महंगाई है। यह बताना पड़ेगा यह महंगाई क्यों हैं। प्रियंका ने कहा कि प्रदेश में भर्तियों के नाम पर घोटाले हो रहे हैं। पटवारी के एग्जाम में घोटाला हो गया। अब चुनाव से पहले स्कीम बनाने से क्या फायदा। 18 साल से कुछ दिया नहीं। इतने सारे घोटाले किए कुछ नहीं छोड़ा। भगवान की मूर्तियां नहीं छोड़ी महाकाल में। इंसान की जैसी नींव होती है वैसी है नीयत होती है। सरकार की जो नींव है। शुरुआत से ही लूट व घोटालों पर ध्यान रहा है।

Back to top button