मध्य प्रदेश

कविता पाटीदार की बढ़ती जा रही है पार्टी में जिम्मेदारी, प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों को सौंपे नए प्रभार

अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री एवं विदेश संपर्क विभाग के प्रदेश संयोजक नियुक्त

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी संगठन में कुछ ऐसे चेहरे हैं जिनके पास तीन से लेकर चार-चार दायित्व हैं। इनमें से एक युवा नेत्री कविता पाटीदार भी हैं, जिनके पास चार से पांच जिम्मेदारी हैं और पार्टी में उनका काम बढ़ता ही जा रहा है। जबकि कई पुराने ऐसे पार्टी कार्यकर्ता भी हैं, जो सालों से पद पाने के लिए भाजपा के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई जिम्मेदारी नसीब नहीं हो रही है। ऐसे में पार्टी के अंदर खाने अनेक नेता और खांटी कार्यकर्ता संगठन की कार्यशैली से नाराज भी हैं।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को एक बार फिर नए सिरे से पार्टी पदाधिकारियों को नवीन प्रभार सौंपे हैं।  इसके साथ ही अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री एवं विदेश संपर्क विभाग में प्रदेश संयोजक की नियुक्त भी की गई है। इन नियुक्तियों में युवा नेत्री, पार्टी की प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को महिला मोर्चा का प्रभार भी सौंपा गया है। वे पहले से ही युवा मोर्चा की भी प्रभारी हैं। इसके पहले वे भोपाल संभाग की भी प्रभारी थीं, लेकिन समय कम दे पाने और संगठन में बेहतर समन्वय न बना पाने के चलते वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर उनके स्थान पर विंध्य अंचल के नेता व प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह को भोपाल संभाग का प्रभारी बनाया गया था।

कविता पाटीदार भाजपा की कुछ अन्य कमेटियों की सदस्य भी हैं। ऐसे में अब ये सवाल उठने लगा है कि आखिर कविता पाटीदार को ही ज्यादा दायित्व क्यों सौंपे जा रहे हैं, जबकि दूसरे कई नेता दायित्व के लिए आस लगाए बैठे हैं। सवाल तो उनकी सांसदी पर भी उठा था, जब बहुत कम समय में ही उनको राज्यसभा के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया गया था, तब भी वरिष्ठ नेता इस घोषणा पर अचंभित थे। ऐसे ही एक मामला युवा नेत्री नेहा बग्गा का भी है, नेहा बग्गा आम आदमी पार्टी का चेहरा थीं, जो बाद में भाजपा में आईं और भाजपा ने उन्हें संगठन का प्रदेश प्रवक्ता के साथ ही महिला मोर्चा में प्रदेश मीडिया प्रभारी की दोहरी जिम्मेदारी सौंप रखी है। बताया जा रहा है कि इस दोहरी जिम्मेदारी से महिला मोर्चा की वरिष्ठ पदाधिकारी भी असहज स्थिति में हैं। प्रदेश संगठन में प्रवक्ता होने के चलते महिला मोर्चा उनसे ज्यादा काम नहीं ले पा रहा है।

चंबल की जिम्मेदारी विजय दुबे को

संगठन ने जिन अन्य नेताओं को दायित्व सौंपे हैं, उनमें राष्ट्रीय प्रशिक्षण अभियान के प्रदेश संयोजक विजय दुबे को चंबल संभाग का प्रभारी बनाया गया है। वे प्रबंधन के माहिर माने जाते हैं और चंबल में खराब हो रही पार्टी की स्थिति को देखते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद की रुचि के बाद उन्हें दायित्व सौंपा गया है। जबकि वरिष्ठ नेता डॉ. तेजबहादुर सिंह चौहान को इंदौर संभाग का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है है। प्रदेश मंत्री आशीष दुबे को युवा मोर्चा का सह प्रभारी बनाया गया है। संगठन ने एम. ऐजाज खान को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष एवं वसीम उद्दीन को मोर्चा का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है। इनके अलावा रोहित गंगवाल इंदौर को विदेश संपर्क विभाग का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है।

Back to top button