मध्य प्रदेश

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव आज, मध्य प्रदेश के 502 प्रतिनिधि करेंगे मतदान ….

भोपाल। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए आज सोमवार को हो रहे चुनाव में प्रदेश के 502 पार्टी प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में निर्वाचन पदाधिकारियों की देखरेख में सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। वोटिंग पश्चात मतपत्रों को सीलबंद कर पार्टी मुख्यालय भेजा जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर प्रत्याशी हैं। दोनों ने अपने चार-चार मतदान अभिकर्ता नियुक्त किए गए हैं। मतदान के लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार चुनाव के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदेश कांगे्रस के कोषाध्यक्ष अशोक सिंह, महामंत्री जेपी धनोपिया, महेन्द्र सिंह चौहान और अजय चौरड़िया को अभिकर्ता बनाया है। वहीं, शशि थरूर के अभिकर्ता प्रदेश सचिव अर्जुन शर्मा, प्रवक्ता जितेन्द्र मिश्रा, संतोष परिहार और भोपाल जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार सिंह बनाए गए हैं। मतदान के लिए प्रदेश प्रतिनिधियों को आवंटित क्रम के अनुसार केंद्र आवंटित किए गए हैं। खड़गे को जिस तरह से वरिष्ठ पार्टी नेताओं का समर्थन मिला है, उसे देखते हुए माना जा रहा है कि प्रदेश से अधिकतर प्रतिनिधियों का समर्थन उन्हें ही प्राप्त होगा। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां हो चुकी हैं। प्रतिनिधियों को मतदान प्रक्रिया के बारे में सूचना दे दी है। सभी को निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा जारी फोटो परिचय पत्र लेकर मतदान के लिए आना होगा।

मतदान कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खूटिया, सहायक निर्वाचन अधिकारी क्रांति शुक्ला, चक्रवर्ती शर्मा और तरुण त्यागी रविवार को भोपाल पहुंच गए हैं। मतदान की पूरी प्रक्रिया गुप्त रहेगी। किसी को भी मतपत्र दिखाने की अनुमति नहीं है। प्रतिनिधियों के बैठने के लिए परिसर के मुख्य द्वार के पास व्यवस्था की गई है।

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव के निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खूटिया ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि शत-प्रतिशत मतदान होगा। चुनाव के लिए जो प्रदेश प्रतिनिधि अन्य राज्यों के निर्वाचन अधिकारी बनाए गए हैं, वे संबंधित राज्य में अपना वोट डालेंगे। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल तीन प्रतिनिधि कर्नाटक में मतदान करेंगे। दोनों प्रत्याशी की ओर से अभिकर्ता रहेंगे।

Back to top button