मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश के इन जंगलों में जाने पर वन विभाग ने लगाई पाबंदी, अब ऐसे मिलेगी एंट्री

बुरहानपुर के नेपानगर-घाघरला के जंगलों में किसी भी अनजान व्यक्ति के प्रवेश पर लगी रोक, आधार कार्ड दिखाना जरूरी

भोपाल/बुरहानपुर। मध्‍य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के नेपानगर घाघरला के जंगलों में जाने के लिए वन विभाग ने प्रतिबंध लगा दिया है। विभाग ने अब यहां जाने वालों को सुरक्षा के संसाधनों के साथ-साथ अपना आधार कार्ड रखना अनिवार्य कर दिया है। वन विभाग ने नेपानगर तहसील के अंतर्गत आने वाले वन क्षेत्र घाघरला और आसपास के जंगलों की सुरक्षा के लिए यह नई व्यवस्था लागू की है। वहीं,  ग्राम नावरा में सुरक्षा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो आधार कार्ड देखकर रजिस्टर में एंट्री कर रहे हैं। इस प्रक्रिया के बाद ही आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। व्यवस्था के साथ बुरहानपुर राज्‍य का ऐसा पहला जिला है, जहां जंगल में जाने के लिए आधार कार्ड जरूरी कर दिया गया है।
दरअसल, नावरा रेंज में लगातार जंगलों को अतिक्रमणकारियों द्वारा काटा जा रहा है। वहीं, 22 अक्टूबर को अतिक्रमणकारियों ने पानखेड़ा के घने जंगलों को तबाह कर दिया था। यही नहीं, जंगल में आग भी लगा दी थी। इसके साथ ही कार्रवाई करने वाले अफसरों पर प्राणघातक हमले भी किए थे। विन विभाग के मुताबिक अब अतिक्रमणकारी घाघरला के जंगलों में घुस चुके हैं और जंगलों को बर्बाद कर रहे हैं। वहीं, इन लोगों ने 28 नवंबर की रात में 1 चौकी से 17 बंदूकें और बड़ी संख्या में कारतूस भी लूट लिए थे। इस घटना के बाद बुरहानपुर पुलिस व वन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जंगलों में आधार कार्ड के जरिए एंट्री की व्यवस्था लागू की है।
यह बोले जिले के वन विभाग के मुखिया
बुरहानपुर डीएफओ प्रदीप मिश्रा ने कहा कि अब बाहर से आने वाले अनजान व्यक्ति को आधार कार्ड दिखाना जरूरी है। गांव वालों से उनकी पहचान भी कराई जा रही है। कोई हथियार लेकर जंगलों में ना घुसे, इसलिए शासन द्वारा बिना आधार कार्ड के जंगल में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Back to top button