मध्य प्रदेश

प्रियंका के दौरे से पहले ग्वालियर में भिड़े कांग्रेसी, लात-घूंसे-डंडे चले, जानिये क्या है झगड़े की वजह?

भोपाल। मध्यप्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के चलते कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी का प्रदेश में एक बार फिर दौरा होने जा रहा है। इस बार वे ग्वालियर में सभा करेंगी, उनके कार्यक्रम को लेकर प्रदेश स्तर के नेता ग्वालियर में तैयारियों को अंजाम दे रहे हैं। लेकिन इसी बीच कांग्रेस में वर्चस्व की लड़ाई ने सिर फुटौव्वल की स्थिति पैदा कर दी है। बुधवार को पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह प्रियंका के दौरे की तैयारियों को लेकर बैठक लेने पहुंचे तो उनके स्वागत को लेकर ही कांग्रेस के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठी, डंडे चले और बेसबॉल के बेट चले और एक दूसरे के समर्थकों के साथ मारपीट हुई। इतना ही नहीं पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के साथ गाली गलौच भी की गई। यह सब पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और वरिष्ठ नेता अशोक सिंह के सामने हुआ, बड़ी मुश्किल से दोनों वरिष्ठ नेता विवाद शांत करा पाए।

ग्वालियर में प्रियंका गांधी का दौरा होना है लेकिन इससे पहले ही कांग्रेस की गुटबाजी और आपसी विरोध सामने आ गया जब पूर्व मंत्री और विधायक जयवर्धन सिंह के स्वागत के दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी हुई और एक दूसरे गुट की कार के शीशे भी फोड़ दिए गए। हालात इतने खराब हुए कि खुद पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और वरिष्ठ नेता अशोक सिंह को बीच-बचाव करने आगे आना पड़ा। पूरा विवाद वर्चस्व की लड़ाई को लेकर बताया जा रहा है। जयवर्धन सिंह के आगमन के दौरान अनेक वरिष्ठ कांग्रेसी भी मौके पर मौजूद थे, जिनके सामने ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

क्या है विवाद की वजह

प्रियंका गांधी के दौरे की तैयारियों को लेकर पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ग्वालियर पहुंचे, इस दौरान नेताओं में जयवर्धन सिंह के स्वागत करने और उनके साथ आगे रहने को लेकर होड़ मच गई। इसके बाद दो गुटों में  हाथापाई और तोडफ़ोड़ तक की नौबत आ गई। पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह रेलवे स्टेशन से उतर कर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक सिंह के सेंट्रल पार्क होटल पहुंचे। इस दौरान कांग्रेसी नेता यहां पर भी उनका स्वागत करने के लिए काफी संख्या में होटल में पहुंच गए। इस बीच पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के भतीजे और युवक कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह यादव और कांग्रेस के ही युवा नेता माठू यादव आपस में उलझ गए। इसके बाद उनके समर्थकों ने दूसरे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। माठू यादव के समर्थकों ने पूर्व मंत्री लाखन सिंह के भतीजे संजय यादव की गाड़ी में तोडफ़ोड़ कर दी। इस दौरान दोनों गुट आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे व हॉकी निकल आई, इसके बाद एक दूसरे के साथ मारपीट शुरू हो गई। इस घटना की जानकारी होटल में बैठे लाखन सिंह यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक सिंह को लगी तो वे बीच-बचाव करने पहुंचे। घटना के बाद पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने भी अफसोस जताया।

स्वागत में आगे दिखने को लेकर भिड़े कांग्रेसी

बताया जा रहा है कि पूरा विवाद पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के स्वागत में आगे दिखने को लेकर पूर्व मंत्री लाखन सिंह के भतीजे संजय सिंह और एक अन्य कांग्रेसी नेता माटू यादव के समर्थकों के बीच हुआ। दोनों ही सिटी सेंटर स्थिति सेंट्रल पार्क होटल के बाहर जयवर्धन सिंह के स्वागत के लिए पहुंचे थे, कि इसी बीच दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों गुट के समर्थकों ने एक दूसरे के साथ मारपीट तो की ही, संजय सिंह की कार का शीशा भी तोड़ दिया। इस दौरान दूसरे गुट ने भी दूसरे पक्ष की कार के शीशे तोड़ दिए।

Back to top button