मध्य प्रदेश

ऊंचे स्थान पर शिफ्ट होंगे बाढ़ से प्रभावित गांव, सीएम शिवराज ने कहा- बाढ़ पीड़ितों को नए मकान बनवाकर दिए जाएंगे, नुकसान का भी हो रहा सर्वे…

भोपाल। मध्यप्रदेश के ग्वालियर और चंबल संभाग में इस बार बाढ़ ने भारी तबाही मचाई। इससे सबक लेते हुए सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के गांवों को ऊंचे स्थान पर शिफ्ट करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा, सरकार ने अब नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य की समीक्षा के दौरान कहा कि हर साल बाढ़ का दंश झेलने वाले गांवों को ऊंची जगहों पर शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही बाढ़ की तबाही झेल चुके पीड़ितों के जल्द ही नए मकान बनवाए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण कार्य भी जारी है।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावितों के लिए राहत, पुनर्वास, पुनर्निर्माण, पुनर्स्थापना ही शासन की नीति है। बाढ़ प्रभावितों के साथ प्रदेश सरकार पूरी ताकत के साथ खड़ी है। इस चुनौती से बाहर निकालने के लिए लगातार काम कर रही है। राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण किया जा रहा है। बिजली व्यवस्था की स्थापना, खाद्य सामग्री की आपूर्ति, अधोसंरचना को फिर से स्थापित करने, क्षतिग्रस्त फसलों और गिरे घरों के सर्वे के कार्य को प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।

शिवराज के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत व पुनर्वास कार्यों की समीक्षा बैठक में केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश की टास्क फोर्स, प्रभारी मंत्री और क्राइसिस मैनेजमेंट कमेटियां भी वर्चुअली शामिल हुईं।

Back to top button