मध्य प्रदेश

ग्वालियर में हादसा, झंडा लगाने के दौरान क्रेन गिरी, तीन की मौत…

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बाड़ा स्थित ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस की बिल्डिंग पर झंडा लगाने के दौरान हादसा हुआ है। कर्मचारी क्रेन पर चढ़ कर झंडे की डोरी बदल रहे थे। तभी अचानक जैक उखड़ गया और क्रेन पलट गई। ट्रॉली सहित कर्मचारी नीचे गिर गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो नगर निगम के दमकल विभाग के कर्मचारी हैं और तीसरा पोस्ट ऑफिस का चौकीदार है।

अचानक हुए हादसे के बाद घटनास्थल पर हंगामा खड़ा हो गया। दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। घायलों को जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। घटना से पोस्ट ऑफिस कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंची है। जानकारी के मुताबिक नगर निगम के कर्मचारी डोरी बदलने के लिए ट्रॉली में सवार होकर झंडे तक पहुंचे थे। जिस जैक के सहारे क्रेन खड़ी थी, वह टूट गई और क्रेन पलट गई। ट्रॉली सहित उसमें सवार कर्मचारी नीचे आ गिरे। स्थानीय लोगों ने पुलिस और नगर निगम को दुर्घटना की सूचना दी। पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया।

‘ग्वालियर में महाराज बाड़ा स्थित पोस्ट ऑफिस पर मशीन अनलोड करते समय हुई दुर्घटना में 3 कर्मचारियों के निधन व 3 लोगों के घायल होने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, परिजनों को संबल देने व घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!’ वहीं प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा- बहुत दुखद घटना है। पूरी सरकार मृतक कर्मचारियों के दुख में खड़ी है। हादसे की विस्तृत जांच की जाएगी। सिलावट ने घायलों को 50 हजार की तत्काल मदद की घोषणा की। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को नौकरी देने का भी भरोसा दिया।

हादसे को लेकर नगर निगम कर्मचारी नेता जयराम चौहान ने कहा कि इसके लिए अधिकारी जिम्मेदार हैं। इस काम के लिए प्रशासनिक सोच और टेक्नीकल एडवाइजरी जरूरी थी। इतनी विशाल मशीनों पर ट्रेंड स्टाफ को चढ़ाया जाना चाहिए। लेकिन, यहां अनट्रेंड कर्मचारी चढ़ाए गए। जिम्मेदार अधिकारियों ने सोचा भी नहीं कि बड़ी घटना हो सकती है। हुआ वही जिसका डर था। हादसा हुआ और तीन कर्मचारी काल का ग्रास बन गए। हमारी मांग है कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया जाए।

Back to top button