मध्य प्रदेश

पड़ोसी ने डीजे बजाने से मना किया तो डंडों से पीट-पीटकर मार डाला…

भोपाल। मध्यप्रदेश के सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में बर्थडे पार्टी में तेज आवाज में डीजे बजाने से मना करने पर एक युवक की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। वारदात सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार राजीव नगर वार्ड निवासी छोटू का शुक्रवार को जन्मदिन था। रात को बर्थडे पार्टी में तेज आवाज में साउंड बज रहा था। मोहल्ले के बलराम अहिरवार (40) ने तेज आवाज पर आपत्ति ली और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को समझाइश देकर लौट गई। पुलिस के लौटने के बाद युवकों ने बलराम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। बलराम ने गाली देने से मना किया तो वे मारपीट करने लगे। उन्होंने बलराम के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे बलराम के बेटे विक्की से भी आरोपियों ने मारपीट कर दी। घटनाक्रम देख क्षेत्र के लोग मौके पर पहुंचे और बलराम व विक्की को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने बलराम को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया है।

बलराम के भाई बाबूलाल अहिरवार ने बताया कि आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की है। वह फर्जी जन्मदिन पार्टी मना रहे थे। एडिशनल एसपी (शहर) विक्रम सिंह कुशवाहा ने बताया कि जन्मदिन पार्टी में तेज आवाज में साउंड बजाने की बात को लेकर विवाद हुआ था। मारपीट में सिर पर डंडा लगने से बलराम की मौत हुई है। 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है।

Back to top button