मध्य प्रदेश

शाह के दौरे पर कमलनाथ ने खेला किसान कार्ड : किसानों के लिए की पांच बड़ी घोषणाएं

कांग्रेस की सरकार बनने पर कर्ज और बिजली बकाया माफ के साथ किए ये वादे

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने प्रदेश के किसानों के लिये पांच बड़ी घोषणाएं कर किसान कार्ड खेला है। इन घोषणाओं में कृषक न्याय योजना के तहत किसानों के 5 हॉर्स पावर बिजली कनेक्शन का बिल माफ, बिजली का बकाया भी माफ, किसानों का कर्जा माफ, आंदोलनों के दौरान किसानों पर लगे मुकदमे माफ और किसानों के लिए 12 घंटे बिजली का रास्ता साफ शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि इससे पहले आम नागरिकों खासतौर पर महिलाओं को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी एवं कमलनाथ पिछले महीने में जबलपुर दौरे के दौरान पांच वचन दे चुके हैं।

मध्यप्रदेश में जैसे जैसे चुनावी समय नजदीक आ रहा है, घोषणाओं का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जहां महिला वर्ग, कर्मचारी को लेकर घोषणाएं कर रहे हैं, साथ ही नए जिला और तहसील के गठन की घोषणाएं की जा रहीं हैं, तो वहीं कांग्रेस पार्टी भी चुनावी घोषणाओं में भाजपा को टक्कर देती दिख रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए किसानों के लिए पांच बड़ी चुनावी घोषणाएं की हैं। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर किसानों के कल्याण के लिए कांग्रेस पार्टी कृषक न्याय योजना लेकर आएगी। योजना के तहत किसानों को सिंचाई के लिए पांच हॉर्स पावर तक के स्थायी एवं अस्थायी पंप पर नि:शुल्क बिजली प्रदान की जाएगी। कांग्रेस सरकार बनने पर किसानों का कर्जा माफ करने के साथ-साथ कांग्रेस अब पुराने बिजली बिल भी माफ करेगी। किसानों पर दर्ज मुकदमें भी वापस किये जायेंगे। इसके साथ ही किसानों को 12 घंटे सतत बिजली दी जायेगी।

सरकार के कर्जे का लेंगे हिसाब

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने जो कर्ज लिया है, वो खर्च कहां हुआ है। हम सरकार में आकर इसकी जांच करेंगे। हमें कर्ज का हिसाब चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, हर सप्ताह कर्जा लिया जा रहा है।
नर्मदा सेवा सेना के

सदस्य बनें शिवराज

कमलनाथ ने कहा हम नर्मदा सेवा सेना बना रहे हैं, यह गैर राजनीतिक है। 28 इलाकों में जहां से नर्मदा गुजरती है, वहां सदस्य बनाए जाएंगे। सीएम शिवराज सिंह चौहान भी इसके सदस्य बन सकते हैं, मुझे ऐतराज नहीं है।

10-10 घंटे बिजली कटौती

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश का किसान और आमजन महंगे बिजली बिल की वसूली और भारी बिजली कटौती से त्रस्त है। प्रदेश के गांवों में 10-10 घंटे अघोषित बिजली कटौती हो रही है।

कम हुई किसानों की आमदनी

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह ने प्रधानमंत्री के सामने रीवा के कार्यक्रम में झूठी घोषणा कर दी कि मप्र में किसानों की आमदनी दुगनी से अधिक हो गई है, जबकि सच्चाई यह है कि मध्य प्रदेश में किसानों की आमदनी पहले से और कम हो गई है।

भाजपा के राज में 20489 किसानों ने आत्महत्या की

कमलनाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा राज में 20489 किसानों ने आत्महत्या की है। एक तरफ शिवराज सरकार किसान सम्मान निधि की बात करती है तो दूसरी तरफ प्रदेश के लाखों किसानों को जानबूझकर अपात्र घोषित कर, उन्हें रिकवरी के नोटिस दिए गए हैं। किसानों को फसल बीमा की राशि समय पर नहीं मिल रही है। भाजपा सरकार में 2017 में मंदसौर में किसानों पर गोली चलाई थी।

Back to top button