मध्य प्रदेश

11 माह बाद स्थाई हुई डीजीपी सुधीर सक्सेना की नियुक्ति

विवेक जौहरी के 4 मार्च 2022 को रिटायर होने के बाद से सक्सेना डीजीपी तो थे, लेकिन अस्थायी

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने सोमवार को आईपीएस अधिकारी सुधीर कुमार सक्सेना की डीजीपी पद पर नियुक्ति को स्थाई कर दिया है। उन्होंने चार मार्च 2022 को पदभार तो ग्रहण कर लिया था, लेकिन उन्हें अस्थायी तौर पर जिम्मेदारी सौंपी गई थी। आज सोमवार को राज्य सरकार ने औपचारिक आदेश जारी कर उनकी नियुक्ति की पुष्टि कर दी है।

दरअसल, 1987 बैच के आईपीएस अधिकारी सुधीर कुमार सक्सेना को चार मार्च 2022 को जारी आदेश में अस्थायी रूप से डीजीपी बनाया गया था, उन्हें अगले आदेश तक यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसके बाद संघ लोक सेवा आयोग ने 30 मई 2022 को हुई चयन समिति की बैठक में इस नियुक्ति को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत सही माना है। औपचारिक प्रक्रिया यह होती है कि यूपीएससी की बैठक के बाद नियुक्ति आदेश जारी हो जाता है, लेकिन इसे आने में आठ महीने लग गए। पिछले साल 4 मार्च 2022 को विवेक जौहरी के रिटायर होने के बाद सुधीर कुमार सक्सेना ने डीजीपी का पदभार ग्रहण किया था। उनके नियुक्ति आदेश भी उसी दिन जारी हुए थे। तब से सक्सेना डीजीपी तो थे, लेकिन अस्थायी तौर पर।

Back to top button