मध्य प्रदेश

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर नमन किया

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने निवास कार्यालय सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। डॉ. अंबेडकर विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज-सुधारक थे। उन्होंने सामाजिक भेदभाव के विरुद्ध अभियान चलाया और श्रमिक, किसान और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया। वे भारतीय संविधान के जनक, स्वतंत्र भारत के प्रथम विधि एवं न्याय मंत्री तथा भारत गणराज्य के निर्माताओं में से एक थे। डॉ. अंबेडकर ने कहा था – “छुआछूत गुलामी से भी बदतर है।” उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से वर्ष 1990 में मरणोपरान्त सम्मानित किया गया। डॉ. अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्यप्रदेश स्थित महू सैन्य छावनी में हुआ था। उनका अवसान 6 दिसम्बर 1956 को दिल्ली में हुआ।
मुख्यमंत्री श्री चौहान से मिले क्षमता निर्माण आयोग के सचिव श्री जानी
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मंगलवार शाम समत्व भवन में क्षमता निर्माण आयोग (केपेसिटी बिल्डिंग कमीशन) के सचिव हेमांग जानी ने भोपाल प्रवास के दौरान भेंट की। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान के उपाध्यक्ष सचिन चतुर्वेदी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी और ओएसडी, मुख्यमंत्री कार्यालय लोकेश शर्मा भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्य-तिथि पर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान का स्मरण किया। भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय और अनेक जन-प्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित थे।

Back to top button