मध्य प्रदेश

गुजरात चुनाव परिणाम पर झूम उठे शिवराज : बोले- ये विजय नहीं, महाविजय है, विकास और जनकल्याण की आंधी में कांग्रेस उड़ गई

गृहमंत्री ने राहुल गांधी पर कसा तंज, वीडी शर्मा बोले- मप्र में भी आएगी गुजरात की आंधी

भोपाल। देश के गुजरात राज्य के चुनावी नतीजे सामने आ चुके हैं। इसमें देश के सत्ताधारी दल यानी भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने पर देशभर के भाजपा कार्यालयों के साथ साथ भोपाल स्थित भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल है। कार्यकर्ता और नेताओं ने जमकर आतिशबाजी की, नाचे और मिठाई बांटी। इसी जश्न में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पार्टी कार्यकर्ताओं को गुजरात चुनाव के परिणाम को लेकर बधाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुजरात चुनाव के परिणाम को लेकर बड़ा बयान दिया है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि- ये विजय नहीं महाविजय है।
उन्होंने ये भी कहा कि, ये जीत पीएम मोदी के प्रति विश्वास श्रद्धा और स्नेह का प्रकटीकरण है। उन्होंने कहा कि गुजरात विकास माडल को आज दुनिया अपना रही है। गुजरात में विकास और जनकल्याण की आंधी में कांग्रेस उड़ गई। हम भी मध्य प्रदेश में तैयारी में जुट गए हैं। पीएम जन जन के मन में बसे हैं। इस जीत से सिद्ध हो गया कि वे वास्तव में कल्पवृक्ष हैं। इस अभूतपूर्व विजय के लिए गुजरात की जनता का हृदय से आभार है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और भारत छोड़ो यात्रा को लेकर भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निशाना साधा है। सीएम ने कहा कि, ऐसा ना हो बाद में कांग्रेस खोजो यात्रा निकालना पड़े। 20 सीट के नीचे सिमट जाना ये कांग्रेस की स्थिति दर्शाता है। सीएम ने दिग्विजय सिंह पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, वो पहले से ही तैयारी करते हैं। उनका सॉफ्ट टारगेट ईवीएम ही रहता था।
यात्रा छोड़कर राहुल गुजरात गए थे, अब जनता ने उन्हें परमानेंट छोड़ दिया : नरोतत्म

दूसरी तरफ मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चुनाव परिणाम के बहाने एक बार फिर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तंज कसा है। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि, वे यात्रा बीच में छोड़कर गुजरात गए थे, वहां की जनता ने अब राहुल को परमानेंट छोड़ दिया है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने ये भी कहा कि, गुजरात में मोदी की लहर है। गुजरात में सातवीं बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है। गुजरात के बाद ये लहर मध्य प्रदेश में भी जरूर दिखेगी। पूरे देश में सभी चुनावों में बीजेपी का झंडा लहराने वाला है।
मप्र में भी आएगी गुजरात की आंधी : वीडी शर्मा

गुजरात विधानसभा चुनाव के परिणाम देश की राजनीति का स्वर्णिम अध्याय है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गुड गवर्नेंस, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी और हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी की कुशल रणनीति व सभी कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में हम सरकार बनाएंगे। पूर्ण विश्वास है कि गुजरात की यह आंधी मध्य प्रदेश में भी आएगी और हम प्रचंड बहुमत से विजयी होंगे।

Back to top button