
श्याम बंसल उज्जैन और अशोक पाेरवाल रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष नियुक्त
भोपाल। चुनावी साल में मध्य प्रदेश में निगम, प्राधिकरणों में नियुक्तियों का दौर जारी है। सरकार ने अब उज्जैन और रतलाम विकास प्राधिकरण में अध्यक्षों की नियुक्ति की है। श्याम बंसल को उज्जैन विकास प्राधिकरण और अशोक पाेरवाल को रतलाम विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपसचिव डॉ. शुभाशीष बैनर्जी ने ये नियुक्तियां की हैं। इसके आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
श्याम बंसल, उज्जैन (बाएं) एवं अशोक पोरवाल (दाएं)।
ज्ञात हो कि मध्य प्रदेश में चुनावी साल होने से नगर निगम और मंडलों में रिक्त पड़े पदों पर नियुक्तियों का दौर शुरू हो चुका है। इसी क्रम में श्याम बंसल को उज्जैन विकास प्राधिकरण और अशोक पाेरवाल को रतलाम विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। श्याम बंसल पहले भाजपा के उज्जैन ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष रहे हैं। वे पिछले लंबे समय से उपेक्षा के शिकार रहे हैं। पार्टी नेताओं के संज्ञान में आने के बाद अब विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाकर उनका पुनर्वास किया गया है। इस नियुक्ति से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
एक दशक से खाली पड़ा था रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष का पद
रतलाम विकास प्राधिकरण में बीते करीब एक दशक से खाली पड़े अध्यक्ष पद पर अशोक पोरवाल को नियुक्त किया गया है। पोरवाल की नियुक्ति के साथ रतलाम में राजनीतिक सरगर्मी फिर से तेज हो गई है। अशोक पोरवाल वही नाम है, जिसे नगर निगम के चुनाव के दौरान महापौर का टिकट मिला था और अगले ही दिन पार्टी ने टिकट काट दिया था। मध्यप्रदेश में इस वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी रूठे हुए कार्यकर्ताओं को मनाने में लगी है, जिससे कि चुनाव के दौरान पार्टी को किसी तरह से नुकसान न हो। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए लंबे समय से चल रही रतलाम विकास प्राधिकरण अध्यक्ष के नामों की अटकलों पर पार्टी ने विराम लगाते हुए अशोक पोरवाल के नाम पर सहमति जता दी है। अशोक पोरवाल शहर विधायक चेतन्य काश्यप के विरोधी गुट के माने जाते हैं। माना जा रहा है कि रतलाम विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर विधायक द्वारा दिए गए नाम को काटकर पार्टी द्वारा अशोक पोरवालों को प्राधिकरण की कुर्सी दिए जाने से कई लोग सकते में हैं। वहीं दूसरी ओर पोरवाल समर्थक और विधायक के विरोधी उक्त नियुक्ति से काफी खुश हैं।



















