मध्य प्रदेश

सीएम शिवराज सिंह ने पुलिस-कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश सहित दीं अनेक सौगात

मुख्यमंत्री निवास में पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में सीएम बोले- शांति स्थापना के लिए पुलिस के जवान जरूरत पर सर्वोच्च बलिदान देते हैं

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि शांति स्थापना के लिए पुलिस के जवान जरूरत पर सर्वोच्च बलिदान देते हैं। पुलिस के प्रति मेरा मन आदर और श्रद्धा से भरा रहता है। कभी अपने टास्क से पीछे नहीं हटी। बेटियों को पुलिस भर्ती में आरक्षण दिया गया है। बेटियाँ अपने कर्तव्य का निर्वहन अच्छे ढंग से कर रही हैं। पुलिस के सभी मित्रों का हृदय से अभिनंदन करता हूँ। आज हमारे लिए आनंद के पल हैं। भांजे-भांजियों के चेहरे आनंद और प्रसन्नता से भरे रहें। वे अपना और देश-प्रदेश का बेहतर भविष्य बनायें। पुलिस परिवार सहित पूरा प्रदेश भी एक परिवार है। पुलिस दिन-रात जनता की सेवा करती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्यमंत्री निवास में पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह गर्व का विषय है। पुलिसके फोर्स में बेटियों की तादाद बढ़ती जा रही है, म.प्र. मेरा मंदिर है, जनता मेरी भगवान है और मैं उसका पुजारी हूँ। अपने प्रदेश की जनता की समृद्धि और खुशहाली के लिए मेहनत कर रहा हूँ। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सब मिलकर मध्यप्रदेश को आगे बढ़ाने में योगदान करें।

आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन

पुलिस परिवार समागम कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। पुलिस के जवानों और उनके परिवारजनों द्वारा दी गई प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना, अपर मुख्य सचिव गृह डॉ. राजेश राजौरा सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी तथा पुलिस-कर्मियों के परिजन उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बालक-बालिकाओं के साथ समूह चित्र खिंचवाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान की प्रमुख घोषणाएं

  • सभी पुलिस थानों में पदस्थ आरक्षक से उप निरीक्षक स्तर तक के ऐसे अधिकारी-कर्मचारियों को जिनके पास शासकीय वाहन नहीं है, उन्हें 15 लीटर पेट्रोल भत्ता प्रतिमाह दिया जायेगा।
  • पुलिसकर्मियों का पौष्टिक आहार भत्ता एक हजार रूपए प्रतिमाह किया जायेगा।
  • आरक्षक एवं प्रधान आरक्षक का वर्दी भत्ता प्रतिवर्ष 5 हजार रूपए किया जायेगा।
  • राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों को वेतनमान का पंचम स्तर दिया जायेगा।
  • भोजन भत्ता की दर 100 रूपए प्रतिदिन की जायेगी।
  • 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी पुलिसकर्मियों का नि:शुल्क मेडिकल चेकअप किया जायेगा।
  • सभी पुलिसकर्मियों के लिए रोटेशन से साप्ताहिक अवकाश सुनिश्चित किया जायेगा।
  • पुलिसकर्मियों के लिए 25 हजार नये आवास बनाये जायेंगे।
Back to top button