मध्य प्रदेश

10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम मई के अंत तक, 19 लाख विद्यार्थियों की एक करोड़ 30 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन जारी

मूल्यांकन कार्य में रुचि नहीं ले रहे शिक्षक, ऐसे शिक्षकों पर कार्रवाई करेगा शिक्षा विभाग

भोपाल। मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं। 19 लाख विद्यार्थियों की एक करोड़ 30 लाख उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से शुरू हुआ है। 15 मार्च तक हुई परीक्षाओं का मूल्यांकन 17 मार्च से शुरू हुआ था।
अब शनिवार से दूसरे चरण का मूल्यांकन कार्य शुरू कर दिया गया है। मूल्यांकन कार्य अब तेजी से जारी है। मूल्यांकन के पहले मंडल की कमेटी द्वारा हो चुके प्रश्न-पत्रों की जांच की गई। इसमें कई प्रश्नों में गलती निकली है। इसे लेकर मंडल ने कई विषयों में विद्यार्थियों को बोनस अंक दिए हैं। 10वीं के दो और 12वीं के चार प्रश्नपत्रों में बोनस अंक दिए गए हैं। परीक्षा का परिणाम मई माह के अंत तक घोषित होने की उम्मीद है।
इन विषयों में मिलेंगे बोनस अंक
10वीं के सामाजिक विज्ञान में चार अंक, हिंदी में दो अंक दिए जाएंगे। वहीं, 12वीं के संस्कृत में चार अंक और हिंदी में एक अंक दिया जाएगा। इसी तरह भौतिकी में चार अंक व गणित में चार अंक मिलेंगे।
आठ मई तक पूरा होगा मूल्यांकन
मंडल की 12वीं की परीक्षा पांच अप्रैल को समाप्त हुई है। अभी तक मूल्यांकन कार्य धीमी गति से चल रहा था। मूल्यांकन का दूसरा चरण शनिवार से शुरू हुई है। इसके बाद मूल्यांकन की गति में तेजी आएगी। मूल्यांकन कार्य आठ मई तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद 10वीं व 12वीं का परिणाम बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। करीब पांच दिन रिजल्ट बनाने में लगेंगे। मई के अंतिम सप्ताह तक परिणाम घोषित होने की संभावना है।
मूल्यांकन कार्य में रुचि नहीं लेने वाले 338 शिक्षकों को नोटिस
दूसरी ओर, मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिका जांचने में शिक्षक रूचि नहीं ले रहे हैं। मूल्यांकन केंद्र पर कॉपी जांचने के लिए सिर्फ 28 शिक्षक ही पहुंचे। संभागीय संयुक्त संचालक अरविंद चोरगड़े ने केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मूल्याकंन केंद्र में अनुपस्थित 338 शिक्षकों को नोटिस जारी किया गया है। दरअसल, मूल्यांकन केंद्र पर सरकारी स्कूलों के कुल 366 शिक्षकों को उपस्थित होना था, लेकिन सिर्फ 28 शिक्षक ही कॉपी चेक करते हुए मिले। जिसके बाद संभागीय संयुक्त संचालक ने 338 शिक्षकों को नोटिस दिया है। अगर आज भी शिक्षक उपस्थित नहीं होते हैं तो अत्यावश्यक सेवा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि माध्यमिक शिक्षा मंडल ने प्रदेशभर में 6 मई 2023 तक कॉपी जांचने का लक्ष्य रखा है। जिससे समय पर परिणाम घोषित किए जा सके। ऐसे में मूल्यांकन कार्य में देरी हुई तो फिर निर्धारित समय पर विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम नहीं मिल सकेगा।

Back to top button