मध्य प्रदेश

तोमर को बड़ी जिम्मेदारी : विधानसभा-लोकसभा चुनाव की तैयारी के साथ-साथ, बढ़ेगा एनडीए का कुनबा

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नरेंद्र सिंह तोमर को बनाया मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक, अब चुनाव मैनेजमेंट का पूरा काम तोमर के पास

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को एक बड़ी जिम्मेदारी मिली है। इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक् किया गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को ये जिम्मदारी सौंपी है। भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र सिंह यादव और सह प्रभारी अश्विनी वैष्णव को बनाने के बाद भाजपा ने मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर को चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक नियुक्त कर एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। एक तरफ भाजपा मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और अन्य राज्यों के विधानसभा चुनाव पर फोकस कर रही है। वहीं लोकसभा चुनाव की तैयारी में भी जुट गई है।

तोमर की संगठन पर पकड़ मजबूत

तोमर की संगठन में काफी अच्छी पकड़ मानी जाती है। 2008 और 2013 में तोमर के भाजपा मप्र अध्यक्ष रहते हुए ही भाजपा ने सत्ता जीती थी। 2018 के चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए अब संगठन एक बार फिर दिग्गज नेताओं को अहम जिम्मेदारी देकर उनका पूरा लाभ लेना चाहता है। वर्तमान में मोदी सरकार में केंद्रीय कृषि मंत्री के पद पर काबिज तोमर की गिनती गृह मंत्री शाह के विश्वस्त नेताओं में होती है। चुनाव के मैनेजमेंट का पूरा काम नरेंद्र सिंह तोमर पास के पास रहेगा।

टिकट वितरण, डैमेज कंट्रोल

टिकट वितरण, रणनीति से लेकर डैमेज कंट्रोल तक का काम चुनाव प्रबंधन समिति का होता है। मंत्री तोमर का प्रदेश के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा जुड़ाव है। तोमर बिहार, उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश के चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी भी रह चुके हैं।

एनडीए की बैठक 18 को

भाजपा ने लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को औपचारिक रूप से एनडीए में शामिल होने का न्योता भेजा है। 18 जुलाई को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए पत्र लिखकर आमंत्रित किया है। दरअसल, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा की ओर से दो पत्र लिखे गए । इसमें एक में चिराग और दूसरे जीतन राम मांझी के नाम का जिक्र है। दोनों लेटर से स्पष्ट हो रहा है कि भाजपा ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी को एनडीए में शामिल होने का औपचारिक न्यौता दिया है।

बैठक में मौजूद रहेंगे पीएम मोदी

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने चिराग पासवान और जीतन राम मांझी को संबोधित करते हुए इस पत्र में लिखा गया है कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा, राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के अहम साथी हैं। एनडीए के महत्वपूर्ण साथी दल के रूप में आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार द्वारा देश के विकास को गति देने वाली सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की यात्रा के प्रमुख सहयोगी भी हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने पिछले 9 वर्षों में देश के बहुआयामी विकास को नई ऊंचाई प्रदान की है। एनडीए सरकार में गरीब कल्याण, सांस्कृतिक गौरव की पुर्न स्थापना, आर्थिक प्रगति, देश की रक्षा- सुरक्षा, विदे में भारत की मजबूत साख सहित अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। एनडीए सरकार ने पिछले 9 वर्षों में सेवा और सुशासन की वास्तविक परिकल्पना को साकार किया है। इसका परिणाम है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में अमृतकाल का भारत विजन 2047 के नए सपनों को लेकर देश के विकास की यात्रा को जनभागीदारी व जनविश्वास के साथ आगे बढ़ा रहा है। आगामी 18 जुलाई 2023, मंगलवार को सायं 5 बजे नई दिल्ली स्थित होटल अशोक में प्रधानमंत्री की उपस्थिति में एनडीए की बैठक होनी तय हुई है। इस बैठक में आप सादर आमंत्रित हैं।

इन दलों का एनडीए की ओर दिख रहा झुकाव

कहा जा रहा है कि विपक्ष के महागठबंधन के लिए मुसीबत बने बिहार के तीन दलों के सूरमा एनडीए की ओर हाथ बढ़ाएंगे। जीतन राम मांझी एनडीए में आ चुके हैं। अब बारी लोजपा के चिराग पासवान की है। मौका लगते ही विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी भी इसी रास्ते पर बढ़ेंगे। चिराग और सहनी पर राष्ट्रीय जनता दल भी डोरे डालती रही है, लेकिन इनका झुकाव एनडीए की ओर साफ-साफ दिखने लगा है।

Back to top button