मध्य प्रदेश

सागर जिले के अनेक विकास कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 20 जनवरी को सागर जायेंगे
  • सागर जिले के अनेक विकास कार्यो का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे मुख्यमंत्री
  • डेढ़ कि.मी. की जन आभार यात्रा और पीटीसी में आभार सभा के बाद करेंगे संभाग की समीक्षा

भोपाल

मुख्यमंत्री पद का दायित्व सम्हालने के बाद मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव शनिवार 20 जनवरी को पहली बार सागर जायेंगे। डॉ. मोहन यादव का दोपहर 12.30 बजे हैलीकॉप्टर से पुलिस लाईन हैलीपेड पर आगमन होगा। जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मुख्यमंत्री डॉ.यादव की आगवानी करेंगे। हैलीपेड के बाहर मुख्यमंत्री विभिन्न संगठनों और संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भेंटकर ज्ञापन लेंगे।

डॉ.मोहन यादव हैलीपेड के गेट से जन आभार यात्रा में शामिल होगें। जन आभार यात्रा का मार्ग लगभग डेढ़ किलो मीटर का होगा। मुख्यमंत्री की जन आभार यात्रा विवेकानंद चौराहा, जिला पंचायत चौराहा, चर्च चौराहा, लाल स्कूल, झंडा चौक, काली तिराहा होते हुए एम.एल.बी. तिराहा पहुंचेगी, जहां से डॉ.यादव पीटीसी मैदान पर आयोजित आभार सभा स्थल पहुंचेगें।

जन आभार यात्रा के मार्ग में जगह-जगह मुख्यमंत्री डॉ. यादव का बुंदेली परम्परा और संस्कृति के अनुरूप भव्य स्वागत होगा। छात्र-छात्राएं भी उन्हें लाउड स्पीकर प्रतिबंधित करने पर आभार व्यक्त करेंगे। वहीं जैन समाज सहित अन्य सामाजिक संगठन खुले में मांस और अंडा के विक्रय पर प्रतिबंध लगाने के लिए धन्यवाद देगें। डॉ. मोहन यादव दोपहर 1.10 बजे पीटीसी ग्राउंड पर आयोजित आभार सभा को संबोधित करेंगे। जिले के अनेक विकास कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे।

संभागीय समीक्षा बैठक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 3 बजे से कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में सागर संभाग की समीक्षा बैठक लेगें। सर्वप्रथम वे आईजी, डीआईजी, कलेक्टर्स और पुलिस अधीक्षकों के साथ सागर संभाग में कानून एवं व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। दोपहर 3.30 बजे से डॉ. मोहन यादव विकास कार्यो के संबंध में संभागीय समीक्षा बैठक लेंगे। संभागीय समीक्षा बैठक के बाद वे पुलिस लाईन स्थित हैलीपेड से हैलीकॉप्टर द्वारा भोपाल रवाना हो जायेगें।

लोकार्पण एवं भूमिपूजन

मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव सागर जिले के लिए 62.03 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण तथा 10.94 करोड़ के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सागर स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित किये गये 26.80 करोड़ के बस टर्मिनल, 13.87 करोड़ के ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिक्स कॉम्पलेक्स, 6 करोड़ के 20 चाईल्ड वेलफेयर सेंटर (आंगनवाड़ी) एवं 42 लाख रूपये से 2 जोनल सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर का लोकार्पण करेंगे। वे लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित 1.94 करोड़ के कनेरा गोड से मनक्याई मार्ग लंबाई 2 कि.मी. एवं 3.57 करोड़ के लरेठी से तहरोली अब्दापुर मार्ग लंबाई 3.10 कि.मी. तथा नगर निगम द्वारा निर्मित 1.17 करोड़ के मीट मार्केट का लोकार्पण करेंगे। साथ ही म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के द्वारा निर्मित 8.26 करोड़ के एन.एच. से रवारा से बुढ़ना (एमडीआर) मार्ग का लोकार्पण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा निर्मित किये जाने वाले 10.94 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमिपूजन करेंगे। इस राशि से अनुसूचित जाति उपयोजना क्षेत्र अंतर्गत 6 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नरयावली विकासखंड, राहतगढ़ का 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मय 2 एफ, 2 जी. एवं 2 एच टाईप आवास गृहां सहित उन्नयन/निर्माण कार्य का भूमिपूजन भी होगा।

हितलाभ का वितरण

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शासकीय विभागों की विभिन्न योजनाओं जिनमें उज्जवला, पीएम स्वनिधि, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड लाभ प्राप्त हितग्राही, स्वाईल हेल्थ कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान एवं टीबी योजना के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित करेंगे।

शिक्षकों की स्व-प्रेरणा से ही बदलेगा कक्षाओं का स्वरूप

मास्टर ट्रेनर्स का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न

भोपाल

भोपाल में राज्य शिक्षा केन्‍द्र द्वारा माध्यमिक शिक्षकों का राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का पांच दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में राज्य शिक्षा केन्‍द्र की अपर मिशन संचालक आर. उमा माहेश्वरी ने कहा कि शिक्षकों में स्व-प्रेरणा से ही कक्षाओं का स्वरूप बदलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक छात्रों के बीच मोटिवेशन का कार्य करते हैं। इसलिये उनका व्यक्तित्व भी विभिन्न आयाम लिये हुए होना चाहिये। शिक्षकों में भी लगातार सीखने की प्रवृत्ति होना चाहिये।

अपर मिशन संचालक ने कहा कि शिक्षकों को निरंतर अपने विचार अपने साथियों के बीच साझा करते रहना चाहिये। उन्होंने शिक्षकों से अपना मूल्यांकन स्वयं लगातार किये जाने पर भी जोर दिया। प्रशिक्षण में सकारात्मक भाषा के महत्व, शैक्षिक संवाद, छात्रों को सिखाने की नई पद्धतियाँ आदि के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि छात्रों को जो ज्ञान और कौशल दिया जाता है, वह उनके जीवनभर काम आता है। यह प्रशिक्षण का पाँचवा चरण था।

इंदौर स्मार्ट सिटी को मिला सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट सिटी पुरस्कार

भोपाल

इंदौर स्मार्ट सिटी को स्मार्ट सिटीज़ इंडिया अवार्ड्स में सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट सिटी का पुरस्कार प्राप्त हुआ। दिल्ली के प्रगति मैदान में 17 से 19 जनवरी, 2024 तक आयोजित स्मार्ट सिटीज़ इंडिया एक्सपो के पुरस्कार समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। पुरस्कार इंदौर स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांक सिंह और टीम ने ग्रहण किया। इंदौर स्मार्ट सिटी को स्वच्छता, नवाचार, अधोसंरचना विकास और परिवहन क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह पुरस्कार दिया गया है।

 

Back to top button