छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर की सीमा पर पहुंचा 8 हाथियों का दल, 4 दिनों से डाल रखा है डेरा, दहशत में लोग …

बिलासपुर/जांजगीर । जांजगीर के अकलरा ब्लॉक में स्थित दलहापोड़ी के दलहा पहाड़ के जंगल तरफ ग्रामीण गए थे। इसी दौरान अचानक हाथियों के दल पर उनकी नजर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना गांव के जनप्रतिनिधियों को दी। फिर बिलासपुर व जांजगीर के वन विभाग के अफसरों को हाथी के संबंध में जानकारी दी गई। इनकी पहले रायगढ़ जिले में धमक हुई और उसके बाद सक्ती जिला होते हुए जांजगीर-चांपा जिले में घुसे हैं। चार दिन हाथी इस क्षेत्र में मौजूद है।

हाथियों का दल अब बिलासपुर की सीमा क्षेत्र से लगे जांजगीर-चांपा जिला के ग्राम दलहापोड़ी पहुंच गया है। दलहा पहाड़ के चारों तरफ हाथी घुम रहे हैं। हाथियों की संख्या करीब आठ है। हाथियों के दल को देखकर ग्रामीण दहशत में हैं, लेकिन कुछ ग्रामीण हाथियों के देखने के चक्कर में पास जाकर मोबाइल से वीडियो भी बना रहे हैं। इससे कभी भी हाथी आक्रामक हो सकते हैं। इसकी सूचना मिलते ही वन मंडल ने तत्काल मस्तूरी में कर्मचारियों को निगरानी के लिए तैनात कर दिया। उड़नदस्ता की ड्यूटी भी लगाई है। वन अमला राहगीरों के अलावा आसपास के ग्रामीणों को सचेत कर रहा है, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो जाए।

यह दल बिलासपुर वन मंडल की सीमा पर स्थित दल्हा पोड़ी गांव पहुंच गया था। जो की बिलासपुर सीमा से सिर्फ पांच किलोमीटर दूर है। इसलिए जांजगीर-चांपा वन मंडल ने इसकी जानकारी बिलासपुर वन मंडल को दी, ताकि वह सतर्क हो जाए। दल में कुछ हाथी आक्रामक हो गए हैं। खतरा मंडराते देख कुछ वनकर्मियों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। उनकी मदद के लिए उड़नदस्ता दल को भी भेजा गया है। वनकर्मियों को सिर्फ निगरानी करने का आदेश है।

हाथियों के नजदीक जाने या खदेड़ने का प्रयास करने के लिए सख्त मनाही है। इससे स्थिति और बिगड़ सकती है। तैनात वनकर्मी हाथियों के पल-पल की गतिविधियों की जानकारी अफसरों को दे रहे हैं। जांंजगीर-चांपा जिले के वनकर्मियों द्वारा आसपास के ग्रामीणों को हाथियों के पहुंचने की जानकारी दे रहा है। साथ ही उन्हें समझाइश भी दी जा रही है कि हाथियों को देखने के लिए उनके नजदीक बिल्कुल भी न जाएं। इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है। यही समझाइश बिलासपुर वनमंडल के वनकर्मी भी दे रहे हैं।

क्षेत्र में हाथियों की धमक की सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों की भीड़ देखने के लिए पहुंच रही है। वन अमला उन्हें समझाने की कोशिश भी कर रहा है, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं है। जानबूझकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। जबकि अफसरों द्वारा वनकर्मियों को सख्त निर्देश दिया गया है कि किसी भी सूरत में ग्रामीणों को दल के नजदीग जाने दें।

वहीं इस मामले में बिलासपुर वन मंडल के एएसडीओ सुनील कुमार बच्चन का कहना है कि बिलासपुर जिला के सीमा के आसपास हाथियों का दल पहुंच गया हैं। सुरक्षा के तौर पर वनकर्मियों को तैनात किया गया। ग्रामीणों को भी अलर्ट किया गया है। लगातार हाथी के दल पर निगरानी कर रहे हैं।

Back to top button