मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दो आध्यात्मिक गुरुओं का मिलन, एक नए अभियान का किया ऐलान

दोनों आध्यत्मिक गुरूओं ने देश को हिन्दू राष्ट्र बनाने और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए आंदोलन शुरू करने की भरी हुंकार, बोले- राम की तरह अब कृष्ण को भी आजाद कराएंगे, देश को हिंदू राष्ट्र बनाएंगे

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में दो अंतरराष्ट्रीय वाचकों पं. देवकीनंदन ठाकुर और बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का मिलन हुआ। इसके बाद दोनों ने एक नए अभियान का ऐलान करते हुए कहा कि वे जल्द ही मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि के लिए आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम की तरह मथुरा में श्रीकृष्ण को भी आजाद कराने के लिए आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का भी आह्वान किया।

दरअसल, भोपाल के टीटी नगर दशहरा मैदान पर चल रही पं. देवकीनंदन ठाकुर की 7 दिवसीय कथा का शनिवार को समापन था। 2 अप्रैल से शुरू हुई इस कथा का आयोजन विश्व शांति सेवा समिति ने किया था। शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी यहां पहुंचे। इसके अलावा बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री भी पं. देवकीनंदन ठाकुर से मिलने पहुंचे। पं. शास्त्री ने पं. देवकीनंदन ठाकुर को प्रणाम किया। मंच पर ही दोनों संत एक-दूसरे से गले लगे और पं. धीरेंद्र शास्त्री ने देवकीनंदन को पगड़ी पहनाई। इससे पहले पं. देवकीनंदन ठाकुर ने श्रद्धालुओं को कथा का रसपान भी कराया। देवकीनंदन ठाकुर ने मंच से पं. धीरेंद्र शास्त्री को छोटा भाई बताया। उन्होंने कहा कि मेरा छोटा भाई (पं. धीरेंद्र शास्त्री) देश और सनातन की रक्षा के लिए है।

धीरेंद्र शास्त्री बोले- अयोध्या तो झांकी थी, मथुरा और काशी बाकी है

इस अवसर पर पं. धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि अयोध्या तो झांकी थी, मथुरा और काशी बाकी है। उन्होंने देवकीनंदन ठाकुर को इस अभियान में साथ देने का आव्हान करते हुए कहा कि- पहले बैठे रामजी अब बैठेंगे घनश्याम जी। धीरेन्द्र शास्त्री ने कहा कि मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि के लिए जागृति यात्रा में शामिल हों, हम तो तन मन से इस जागृति यात्रा में साथ हैं। जो राम और कृष्ण के हैं वे इस अभियान में साथ देंगे, जो इस अभियान के साथ में नहीं उनकी ठटरी। जिनमें वंशानुगत मिलावट है, उनका क्या किया जा सकता है। खून हमें बदलना नहीं आता है। उन्होंने कहा- जो राम का नहीं, वो किसी काम का नहीं।

अयोध्या की तरह मथुरा भी आजाद होकर रहेगा : पं. देवकीनंदन ठाकुर

पं. देवकीनंदन ठाकुर ने कथा के दौरान कहा कि मैं जब भी मथुरा में माथा टेकता हूं, तो नजर कहीं और होती है। मैं चाहता हूं कि अयोध्या और काशी की तरह मथुरा में भी भव्य मंदिर बने। श्रीकृष्ण की भव्य छवि बने। उन्होंने कहा कि जल्द ही मथुरा में श्रीकृष्ण मंदिर के लिए आंदोलन शुरू करूंगा। भले ही कोई साथ दे या ना दे। अयोध्या की तरह मथुरा भी आजाद होकर रहेगा। हम अपने जीते-जी राम की तरह कृष्ण को भी आजाद कराके रहेंगे। चाहे उसके लिए कोई भी कीमत चुकानी पड़े।

25 साल बाद सेकुलरिज्म, बहन-बेटियों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं?

पं. देवकीनंदन ने कहा कि आज सभी लोग सेकुलरिज्म की बीन बजा रहे हैं। 25 साल बाद सेकुलरिज्म, बहन-बेटियों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं। यह दुर्भाग्य की बात है कि हिंदुस्तान में हमें रामनवमी पर जुलूस निकालने के लिए परमिशन लेनी पड़ती है। जिनकी वजह से उन इलाकों को संवेदनशील बनाते हैं, उन्हें जेल में डालिए, उन्हें पकड़ो। याद रखना कि जिस दिन हमारी संख्या कम हुई, उस दिन मुसीबत होगी। जाकर देखो कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान में क्या हाल है। ये हमारी चिंता है। उन्होंने कहा मैं न पद चाहता हूं, न प्रतिष्ठा चाहता हूं, मैं तो बस सुरक्षित हिंदुस्तान चाहता हूं।

कथा में पहुंचे सीएम बोले- आपत्तिजनक वेब सीरीज पर प्रतिबंध लगाएंगे

कथा के अंतिम दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे और देवकीनंदन महाराज का स्वागत किया। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि देवकीनंदन ठाकुर जी ने आपत्तिजनक वेब-सीरीज पर प्रतिबंध की बात की है। युवा पीढ़ी संस्कृति से विमुख हो रही है। इसके लिए राज्य सरकार जरूरी कदम उठाएगी। साथ ही, नशे पर नियंत्रण के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि महाराज जी भागवत कथा कह रहे हैं, मैं लाड़ली बहना कथा कह रहा हूं। सीएम के साथ कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे।

 

Back to top button