मध्य प्रदेश

सीधी पेशाब कांड के आरोपी प्रवेश शुक्ला के घर पर प्रशासन ने चलाया बुलडोजर

सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी से एक वीडियो सामने आया था जिसमें भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला द्वारा एक आदिवासी व्यक्ति के मुंह पर पेशाब की जा रही थी। इस कांड के बाद आरोपी प्रवेश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, आज बुधवार को पेशाब कांड के आरोपी प्रवेश शुक्ला के अवैध कब्जे पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ढहा दिया गया है। इधर, चुनाव से पहले आदिवासियों पर अत्याचार के मामलों को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के सरकार पर आदिवासी विरोधी होने के आरोप के बाद अब भाजपा ने भी चार सदस्यीय जांच समिति बना दी है। इस पर कांग्रेस ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

मध्य प्रदेश के सीधी जिले से एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक व्यक्ति दूसरे आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करता हुआ दिख रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद मचे सियासी घमासान के बीच पुलिस को मिलने पर भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला को कुबरी गांव के खैरहवा से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 323, 123, 294, 506 आइपीसी और एनएसए के तहत मामला दर्ज कर दिया है। सीएम शिवराज सिंह ने भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

नरोत्तम मिश्रा ने क्या कहा?

इस घटना को लेकर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का कहना है कि आरोपी (प्रवेश शुक्ला) को कल रात गिरफ्तार कर लिया गया। वह हवालात में है और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उसके खिलाफ NSA दर्ज किया जाएगा।

यह बोली पीड़ित की पत्नी…

इस मामले में आदिवासी व्यक्ति की पत्नी का बयान भी सामने आया है। पीड़ित की पत्नी ने एएनआई को बताया कि वह मेरे पति हैं। अगर कुछ गलत किया है तो जो होना है वह होगा। अगर कुछ गलत किया है तो सजा मिलनी चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन पर कोई दबाव डाल रहा है या पुलिस उन्हें परेशान कर रही है तो वह कहती हैं कि नहीं। पत्नी ने कहा कि हमारे ही पति है और मजदूरी का काम करते हैं। कल घर में नहीं आए तो हमें चिंता हुई। हमें नहीं पता कि वो कहां हैं हम पूरी रात जागते रहे लेकिन नहीं आए। जिसने भी गलत किया है उसे सजा होगी।

इन्हें किया जांच समिति में शामिल

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने राज्य कोल जनताति विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रामलाल रौतेल के संयोजकत्व में चार सदस्यीय समिति गठित की है। जिसमें शरद कोल विधायक, अमर सिंह विधायक और कांतिदेव सिंह प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा शामिल है। यह समिति संपूर्ण तथ्यों की जांच कर प्रतिवेदन रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी। वीडी शर्मा शर्मा ने बुधवार को कहा कि सीधी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच समिति मौके पर जाकर जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट संगठन को देगी। उन्होंने कहा कि सीधी का आरोपी भाजपा का सदस्य नहीं है।

भाजपा को ही अपनी सरकार और प्रशासन पर विश्वास नहीं

इस मामले में कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा कि भाजपा ने जांच समिति बनाकर उसको अपनी ही सरकार और प्रशासन पर विश्वास नहीं है। जब भाजपा को ही अपनी सरकार पर विश्वास नहीं है तो कांग्रेस और जनता क्यों करें। जहां तक किसी मामले का सवाल है तो क्या कांग्रेस बोलेगी तक कार्रवाई होगी। कोई भी दोषी हो उस पर सख्त कार्रवाई हो। हम दोषियों पर कार्रवाई के पक्षधर हैं।

मकान में प्रवेश के पिता समेत चार हिस्सेदार

सभी परिजन को बाहर निकालकर मकान को तोड़ने का काम जारी है। ​​​​​इस मकान में चार हिस्सेदार हैं- प्रवेश के पिता रमाकांत शुक्ला, दो चाचा और दादी। इस मकान के आसपास बने स्टोर रूम के दो कमरे, मेहमानों के लिए बनाया गया कमरा और सीढ़ियां तोड़ी जा चुकी है।

पिता-माता और पत्नी को  भी थाने बुलाकर की पूछताछ

आरोपी प्रवेश सीधी से 20 किलोमीटर दूर कुबरी गांव का रहने वाला है। उसका घर पंचायत भवन से 100 मीटर दूर है। वीडियो सामने आने के बाद बहरी पुलिस मंगलवार को उसके घर पहुंची थी, लेकिन प्रवेश वहां नहीं मिला। पुलिस ने उसके पिता-माता और पत्नी को थाने बुलाकर पूछताछ की। परिवार ने घटना को लेकर किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया। इसके बाद रात करीब दो बजे प्रवेश को गिरफ्तार कर लिया गया।

विधायक का प्रतिनिधि रह चुका है आरोपी

प्रवेश का वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ था। यह 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। आरोपी सीधी जिले से BJP विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि रह चुका है। आदिवासी युवक के पहले मानसिक विक्षिप्त होने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई।

शिवपुरी की घटना पर कांग्रेस पर साधा निशाना

वीडी शर्मा ने शिवपुरी में दलित वर्ग के दो युवकों के साथ धर्म विशेष के लोगों के मारपीट की घटना पर कांग्रेस और कमलनाथ पर निशाना साधा। शर्मा ने कहा कि नjवाल तहसील में दलित वर्ग के युवकों के साथ अमानवीय कृत्य भी किया गया। जाटव और केवट समाज के दो युवकों को मुस्लिम समाज की भीड़ ने बेरहमी से पीटा। दोनों युवकों के चेहरे पर कालिख पोती गई और मल खिलाया गया। शर्मा ने कहा कि जब मुस्लिम वर्ग के लोग ऐसी घटना करते है तो कांग्रेस नेताओं के मुंह पर ताला लग जाता है। कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है। शिवपुरी मामले में कांग्रेस के किसी भी नेता का ट्विटर नहीं चला। कांग्रेस केवल एक ही वर्ग की चिंता करती है।

Back to top button