मध्य प्रदेश

इंदौर पिटाई कांड में प्रदेश संगठन ने लिया सख्त निर्णय : भाजयुमो प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ और नयन सोनी को मोर्चा के पदों से हटाया

भोपाल। दो दिन पहले इंदौर में भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार की मौजूदगी में नगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा पर हमला करने वाले भाजयुमो प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ व प्रदेश कार्य समिति सदस्य नयन सोनी पर संगठन ने अनुशासनात्क कार्रवाई की है। भाजपा ने दोनों युवा नेताओं को युवा मोर्चा के पदों से हटा दिया है। विवाद में कांग्रेस की भी एंट्री हो गई है, उसने कहा कि यह विवाद डेढ़ करोड़ की उगाही के बंटवारे का है।

शुभेंद्र गौड़                                                       नयन सोनी

गौरतलब है कि दो दिन पहले इंदौर के एक ढाबे में खाना खाने के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के इंदौर जिला महानगर अध्यक्ष सौगात मिश्रा के साथ मारपीट की गई थी। इस मारपीट में बीच बचाव करने की कोशिश कर रहे भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार के साथ भी धक्का-मुक्की हुई थी। साथ ही पवार का कुर्ता भी फट गया था। जिसके बाद इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश संगठन को की गई थी। मामले को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं प्रदेश महामंत्री हितानंद खासे नाराज बताये गए हैं। प्रदेश संगठन के निर्देश पर भाजयुमो के प्रदेश महामंत्री राहुल तिवारी द्वारा भाजयुमो के प्रदेश मंत्री शुभेंद्र गौड़ और प्रदेश कार्य समिति सदस्य नयन सोनी को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा गया। जवाब से असंतुष्ट होकर प्रदेश संगठन ने उक्त दोंनों नेताओं को युवा मोर्चा के सभी पदों से पद मुक्त कर दिया गया है। विवाद की वजह शुभेंद्र गौड़ के परिवार पर व्यक्तिगत टिप्पणी करना बताया जा रहा है। गौरतलब है कि शुभेंद्र गौड़ पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मण सिंह गौड़ एवं विधायक मालनी गौड़ के भतीजे हैं। जबकि नयन सोनी उनके समर्थक हैं। पार्टी ने इंदौर महानगर जिला अध्यक्ष सौगात मिश्रा को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा था, लेकिन मिश्रा के साथ ही मारपीट होने से उन पर कार्रवाई नहीं की गई है।

डेढ़ साल से चल रही है खींचतान

वैसे शुभेंद्र गौड़ और सौगात मिश्रा के बीच विवाद की वजह राजनीतिक वर्चस्व व संगठनात्मक खींचतान है। यह खींचतान सौगात मिश्रा को नगर अध्यक्ष बनाने के दौरान ही शुरू हो गई थी। इसके पूर्व मिश्रा नगर मंत्री और उपाध्यक्ष रह चुके हैं। वह प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, सांसद शंकर लालवानी और वरिष्ठ नेता मधु वर्मा के नजदीकी है। इस पद के लिए उन्हें समर्थन भी मिला था। दूसरी ओर शुभेंद्र गौड विधायक मालिनी गौड़ के भतीजे हैं। गौड़ इसके पूर्व अखिल भारतीय और विद्यार्थी परिषद में प्रांतीय सह मंत्री रह चुके हैं। इसके बाद उन्हें युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री बनाया गया था।

विवाद में कांग्रेस भी कूदी, कहा- यह लेनदेन का झगड़ा है

दूसरी और कांग्रेस ने इस मामले में अपना बयान जारी किया है। प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि डेढ़ करोड रुपए के बंटवारे को लेकर यह विवाद हुआ है। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में छात्रों को पास कराने से लेकर एडमिशन का उद्योग युवा मोर्चा द्वारा चलाया जा रहा है। इन्हीं अवैध काम के डेढ़ करोड़ रुपए के बंटवारे को लेकर इनमें आपसे में विवाद हो गया जिसमें प्रदेश अध्यक्ष और शहर अध्यक्ष की पिटाई की गई।

Back to top button