मध्य प्रदेश

प्रियंका गांधी ने जबलपुर से भरी हुंकार : मध्यप्रदेश को दीं पांच बड़ी गारंटी, बोलीं – मोदी जी की गालियों की लिस्ट से ज्यादा लंबी है इनकी घोटालों की लिस्ट

प्रियंका गांधी ने कहा- धन बल से जनादेश को कुचला गया, लेकिन अफसोस ऐसे कुछ नेता हमारे भी थे, उन्हें पैसा मिला

जबलपुर। मध्य प्रदेश में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं, उससे पहले ही कांग्रेस ने जबलपुर में अपने विजय संकल्प अभियान की शुरूआत कर दी है। कर्नाटक में जीत का शानदार परचम लहराने के बाद कांग्रेस ने अब मध्यप्रदेश पर फाेकस किया है। इसी सिलसिले में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की पूजा-अर्चना और महाआरती की। इस दौरान कमलनाथ समेत कई नेता मौजूद रहे।

ग्वारीघाट पर पूजा के बाद प्रियंका ने शहीद स्मारक में सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हो रहा है। आपका शोषण हो रहा है। धन बल से जनादेश को कुचला जाता है।’ प्रियंका ने मध्यप्रदेश में सरकार बदलने पर कहा- पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा- अफसोस कि ऐसे कुछ नेता हमारे भी ऐसे थे, जो पार्टी छोड़कर चले गए। उनको पैसा मिला। लेकिन, सरकार बनाने के बाद कुछ अच्छा कर के दिखाते तो कुछ आपका फायदा होता। तीन साल में मात्र इन्होंने 21 सरकारी नौकरियां दी हैं। मैंने तीन बार ये आंकड़ा चेक कराया और तीन बार जवाब आया कि ये सही आंकड़ा है। तीन साल में मात्र 21 नौकरियां दिलाई हैं। अगर आप जागरूक नहीं होंगे और समझेंगे नहीं, तो ये जो रिश्वत राज चलाया है, जिसकी वजह से आपको छोटे से छोटे काम के लिए रिश्वत देनी होती है। इसे आप आज बंद नहीं करेंगे तो आपके भविष्य का क्या होगा।

प्रियंका गांधी यहीं पर नहीं रुकी, उन्होंने शिवराज सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी जी ने जो गालियों वाली लिस्ट निकाली थी, बीजेपी के घोटालो की उससे लंबी लिस्ट है। जो भी निर्माण कर रहे हैं, उसमें ही घोटाला किया। इन्होंने 225 महीनों में 220 घोटाले किए हैं। उन्होंने कहा कि व्यापम घोटाला, राशन घोटाला, शिक्षक घोटाला, पुलिस भर्ती घोटाला, खनन घोटाला, कोरोना घोटाला, बिजली विभाग घोटाला, ईं टेंडर का घोटाला, टीवी सेट का घोटाला, कितने सारे घोटाले हैं। इन्होंने महाकाल कॉरिडोर को नहीं छोड़ा, नर्मदा मैया को नहीं छोड़ा। महाकाल मंदिर की मूर्तियों में भी पैसे खाए हैं। कहां जाकर रुकेंगे ये लोग। मैं आपसे पूछना चाहती हूं कि इन्हें संस्कारों की याद कब दिलाएंगे आप?

लाड़ली बहना योजना पर कसा तंज

प्रियंका गांधी ने शिवराज सिंह चौहान को लाडली बहना योजना चुनाव के ठीक पहले शुरू करने पर घेरते हुए कहा कि शिवराज सरकार ने पिछले कुछ दिनों पहले महिलाओं के लिए घोषणा की, चुनाव का समय है इसलिए घोषणा की, जो घोषणा करते हैं उसे पूरा नहीं करते। डबल इंजन, त्रिपल इंजन की बातें होती हैं। बहुत देख लिया डबल इंजन। कर्नाटक, हिमाचल में भी कहते थे। इस प्रदेश में बहुत मंहगाई है। महिलाएं सुबह से शाम तक काम करती हैं, लेकिन उनको मेहनताना नहीं मिलता। मेरे दिल में महिलाओं के लिए खास जगह है।

महंगाई को लेकर सरकार को घेरा

प्रियंका गांधी ने महंगाई के मुद्दे को लेकर सरकार पर तंज कसा। प्रियंका ने कहा कि गैस सिलेंडर इतना महंगा है कि भरा नहीं पाते। आधी चीजें लोग खरीद नहीं पा रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए है। भयंकर बेरोजगारी है। शर्म की बात है कि एक सरकार तीन साल में मात्र 21 नौकरियां दे रही है। भर्ती के इम्तिहान के लिए युवा पढ़ रहे हैं। कोई न कोई घोटाला हो जाता है। पढ़ाई बर्बाद हो जाती है। परीक्षा देते हैं लेकिन उसका रिजल्ट नहीं आता है।

देश के लिए अपना खून बहाया है मेरे परिवार ने

अपने पिता और दादी को याद करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरे परिवार के सदस्यों ने इस देश को बनाने में अपना खून दिया है। मैं जानती हूं कि सत्ता को भोगना कितना आसान है। अपनी देशभक्ति के आधार पर अपना वोट डालें। मैं सौभाग्य मानती हूं कि सब नर्मदा मैया के तट पर हुआ। हम झूठ नहीं बोलेंगे हम देश के लिए समर्पित हैं।

धर्म के नाम पर वे आपके जज्बातों से बार-बार खेल रहे

प्रियंका ने कहा कि बहुत साल हो गए, केंद्र में नौ साल हो गए, एमपी में 18 साल हो गए। ये लोग आपकी जरूरतों को नकार रहे हैं। इधर-उधर की बातें की जाती हैं। हम भारतीय हैं, हमारे लिए धर्म से बड़ा कुछ नहीं है। वो हमारे लिए सर्वोपरि है, लेकिन उसका मतलब ये नहीं है कि पब्लिक के जज्बातों को उभारकर ऐसा किया जाए। वे आपके जज्बातों से बार-बार खेल रहे हैं, आपको उकसा रहे हैं। उस नेता को कभी एहसास नहीं होगा कि आपका काम नहीं करेगा तो सत्ता छोड़नी पड़ेगी। आपकी सड़कें ठीक नहीं हो रही हैं, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। आपको सबक सिखाना पड़ेगा। 18 साल में आपने सब कुछ देख लिया। अगर 18 साल में आपको पता नहीं चला कि वो आपका काम नहीं कर रहे हैं तो आपको कभी पता नहीं चलेगा।

मैं किसी की आलोचना करने या वोट मांगने नहीं आपको जागरूक करने आई हूं

प्रियंका गांधी ने कहा कि आप तय कीजिए, बच्चों के भविष्य का निर्माण करना है या नहीं, अपने प्रदेश को जवाबदेह बनाना है कि नहीं, तो मन बना लीजिए छह महीने में चुनाव हैं। सोचने समझने के लिए छह महीने हैं। सोचिए कि कांग्रेस की सरकारें क्या कर रही हैं अपने प्रदेशों में और अपना वोट अपने पक्ष में डालिए, जो आपके प्रति जवाबदेह बने। बहुत हो गया भ्रष्टाचार। आप नेताओं को मजबूर कर दीजिए कि जब मंच पर आएं तो सच बोलें, नहीं तो आप उन्हें सत्ता से निकाल देंगे। मैं यहां किसी की आलोचना करने नहीं आई आपको जागरूक करने आई हूं। मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं जागरूकता मांगने आई हूं।

प्रियंका ने मध्यप्रदेश को दीं पांच बड़ी गारंटी

  • हर महिला को 1500 रुपये प्रति माह दिये जाएंगे।
  • गैस सिलिंडर 500 रुपये में दिया जाएगा।
  • पहले 100 यूनिट बिजली बिल माफ, 200 यूनिट बिजली बिल हाफ होगा।
  • शासकीय कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल होगी।
  • किसान कर्जमाफी पुनः प्रारंभ होगी, बचे हुए किसानों का कर्जा माफ होगा।

 

Back to top button