मध्य प्रदेश

इंदौर-दाहोद रेल परियोजना मिशन मोड में क्रियान्वित करने का अनुरोध

  • मुख्यमंत्री डॉ. यादव की केंद्रीय मंत्री वैष्णव से भेंट
  • इंदौर-दाहोद रेल परियोजना मिशन मोड में क्रियान्वित करने का अनुरोध
  • ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल हुए प्रदेश के जनजातीय विद्यार्थी

भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से इलेक्ट्रॉनिक्स निकेतन स्थित उनके कार्यालय में भेंट कर प्रदेश की लंबित रेल परियोजनाओं सहित प्रदेश के विकास से जुड़े अन्य विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रेल मंत्री वैष्णव का ध्यान इंदौर-दाहोद रेल परियोजना की ओर आकर्षित करते हुए बताया कि यह परियोजना पीथमपुर, धार, सरदारपुर और झाबुआ के औद्योगिकीकरण और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने रेल परियोजना के अलग-अलग सेक्शन के भू-अर्जन कार्य की प्रगति से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस परियोजना को मिशन मोड में क्रियान्वित करने का आग्रह किया। उन्होंने इस परियोजना के धार-झाबुआ सेक्शन में रेल लाइन बिछाने के साथ ही पीथमपुर में प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क को सागर रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए रेल साईडिंग के निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने के लिए यथोचित निर्देश प्रदान करने का भी अनुरोध किया।

‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में शामिल हुए प्रदेश के जनजातीय विद्यार्थी

भारत मंडपम् में सोमवार को हुये कार्यक्रम में ई.एम.आर.एस. के विद्यार्थियों ने सुना प्रधानमंत्री मोदी का प्रेरक उद्बोधन

नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम् में सोमवार को हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 7वें ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के जनजातीय विद्यार्थी भी शामिल हुए। जनजातीय कार्य विभाग के अधीन बावड़ियाकला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (ई.एम.आर.एस.) के 10 विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में सहभागिता की। कक्षा 11वीं के 8 और कक्षा 9वीं के 2 विद्यार्थियों ने परीक्षा पे चर्चा में शामिल होकर प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरक उद्बोधन का श्रवण किया।

जनजातीय कार्य विभाग के अपरआयुक्त डॉ. सतेन्द्र सिंह ने इन विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। इन विद्यार्थियों ने भारत मंडपम् में आयोजित विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में देश के सभी राज्यों व केन्द्र शासित प्रदेशों के करीब 3000 विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम में पहली बार 10 राज्यों के ई.एम.आर.एस. के 100 विद्यार्थी भी विशेष रूप से शामिल हुए। मध्यप्रदेश से ई.एम.आर.एस. भोपाल के 10 विद्यार्थी शिक्षक शैलेन्द्र नेमा के नेतृत्व में कार्यक्रम में शामिल हुए।

विद्यार्थियों का दल 3 फरवरी को वापसी करेगा। दिल्ली प्रवास के दौरान विद्यार्थियों को राष्ट्रपति भवन, बाल भवन, बीटिंग द रिट्रीट, राष्ट्रीय विज्ञान केन्द्र, नेहरू तारामंडल और चिड़ियाघर का भ्रमण भी कराया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 घंटे 10 मिनट तक बोर्ड परीक्षा के विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके सवालों के जवाब दिए। प्रधानमंत्री ने बच्चों की समस्याओं, प्रतिस्पर्धा की भावना, अभिभावकों की चिंता, समय का प्रबंधन जैसे कई विषयों पर विद्यार्थियों से चर्चा की और उनके प्रश्नों का समाधान किया। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा प्रदेश के जिलों में संचालित ई.एम.आर.एस., सी.एम. राइज विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर व आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों को ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया।

 

Back to top button