छत्तीसगढ़

प्रदेश अब चरस, कोकीन व गांजा तस्करी का बड़ा अड्डा बन चुका है : भाजपा प्रवक्ता…

जगदलपुर। कांग्रेस सरकार को 3 साल होने जा रहे हैं लेकिन अपराध पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। छत्तीसगढ़ की सरकार दिल्ली से चलती है। शांति का टापू कहे जाने वाले यह प्रदेश अब चरस, कोकीन व गांजा तस्करी का सबसे बड़ा अड्‌डा बन चुका है। यह बातें पूर्व मंत्री और भाजपा प्रवक्ता केदार कश्यप ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहीं।

जगदलपुर में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ माफिया का गढ़ बन गया है। आरोप लगाया कि तस्करों को रोकने की बजाए प्रदेश सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। गांजा तस्करों का एक रुट बना हुआ है। प्रदेश के बॉर्डर वाले इलाके से आसानी से तस्कर गांजा और हेरोइन की बड़ी खेप को पार कर रहे हैं। लखीमपुर की घटना में राज्य सरकार ने अपना सारा धन लुटा दिया। लेकिन, CG में इतनी घटनाएं हुई उसके लिए कुछ नहीं किया। सिलगेर, पत्थलगांव और कवर्धा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तो नहीं गए, लेकिन दौड़कर लखीमपुर चले गए। भाजपा मांग करती है कि, इन घटनाओं के मृतकों के परिजनों को एक-एक करोड़ व घायलों को 50-50 लाख रुपए सरकार मुआवजा दें।

केदार कश्यप ने कहा कि, बस्तर जिले का भानपुरी भी अब चरस व अफीम का गढ़ बनता जा रहा है। यहां भी लगातार गांजा की तस्करी हो रही है। इसके साथ ही कुछ दिनों पहले डेढ़ करोड रुपए के साथ एक फॉरेस्ट के अधिकारी को पकड़ा गया था। उन पर किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई। न ही इस मामले का खुलासा किया गया। क्योंकि यह भी कांग्रेस के बड़े नेताओं के संरक्षण में थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत छत्तीसगढ़ के मंत्री व विधायक दिल्ली में डेरा जमा रहे हैं। इन्हें छत्तीसगढ़ की जनता की नहीं बल्कि गांधी परिवार की चिंता है। छत्तीसगढ़ में इतनी घटनाएं हो रही है लेकिन उसकी चिंता सरकार को नहीं है।

Back to top button