मध्य प्रदेश

भाजपा की कार्यप्रणाली जानने मध्यप्रदेश आया तंजानियाई दल, सीएम और प्रदेश अध्यक्ष से मिला

तंजानिया की सत्तारूढ़ पार्टी सीसीएम के नेता कीनाना बोले- भारत और तंजानिया के रिश्ते बहुत अच्छे और बहुत पुराने

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंजानिया से आए अतिथियों का स्वागत किया।

भोपाल। इन दिनों तंजानिया की सत्तारूढ़ चामा चा मापिंदुज़ी (सीसीएम) पार्टी का 5 सदस्यीय दल भारत के दौरे पर है। भाजपा के ‘नो बीजेपी’  (भाजपा को जानें) पहल के तहत यह दल देश के अलग-अलग राज्यों का दौरा कर रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा  के निमंत्रण पर भारत पहुंचा यह दल आज भोपाल आया और  बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा से उनके बंगले पर मिला। इसके बाद दल के सदस्यों ने सीएम हाउस में सीएम शिवराज सिंह चौहान से भी मुलाकात की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंजानिया से आए प्रतिनिधियों के साथ स्मार्ट सिटी उद्यान में पौधा-रोपण किया।

ज्ञात हो कि, ‘भाजपा को जानें’ पहल के तहत तंजानिया का यह प्रतिनिधिमंडल 25 से 31 जनवरी तक भारत के दौरे पर है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बीजेपी के 42वें स्थापना दिवस पर इस पहल की शुरुआत की है। विभिन्न देशों के नेताओं, राजनीतिक दलों और राजनयिकों को एक राजनीतिक दल के रूप में भाजपा की नीति और कार्यशैली के बारे में जानकारी देना इस पहल का इसका प्रमुख उद्देश्य है। यह दल तंजानिया की सत्तारुढ़ पार्टी सीसीएम के उपाध्यक्ष अव्दुल रहमान ओ. कीनाना के नेतृत्व में आया है। इस दल में सीसीएम के राष्ट्रीय कार्यकारिणी और संसदीय समिति के सदस्य अबदुल्ला म्वीनी, सीसीएम के उपाध्यक्ष के निज सचिव माशाफिरी वीवर्ट, थाडेओ बुरटन और सलुम बकारी सूमा भी शामिल हैं। इस दल के साथ बीजेपी विदेश विभाग के राष्ट्रीय संयोजक विजय चौथाईवाल, प्रदेश संयोजक डॉ. दिव्या गुप्ता, सह संयोजक सुधांशु गुप्ता भी भोपाल आए हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंजानिया से आए अतिथियों को मध्यप्रदेश की विशेषताओं और उपलब्धियों की जानकारी दी।

लाड़ली लक्ष्मी योजना से काफी प्रभावित हुआ तंजानियाई दल

सीएम से मुलाकात के बाद यह दल सीएम के साथ स्मार्ट पार्क पहुंचा, जहां पौधारोपण भी किया। पौधारोपण के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- तंजानिया की पार्टी सीसीएम का उच्च स्तरीय दल मप्र आया है। भाजपा ने ये पहल शुरू की है कि अलग-अलग देशों के नेता और जनप्रतिनिधि हमारे देश में आएं और अलग-अलग राज्यों में जाएं। सीएम ने बताया कि मुझे खुशी है कि तंजानिया के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लाड़ली लक्ष्मी योजना से बहुत प्रभावित हुए है। वे लाडली लक्ष्मी बेटियों से भी मिलेंगे। भोपाल की झील (भोजताल) का दृश्य देखकर प्रतिनिधि-मंडल के सदस्य काफी प्रभावित हुए। उन्हें मध्यप्रदेश की मसाला-टी भी पसंद आई।  मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रतिनिधि-मंडल का स्वागत करते हुए कहा कि भोपाल झीलों का शहर है। भारत में तंजानिया के प्रतिनिधि-मंडल का आगमन संपूर्ण विश्व के लिए अच्छी पहल है। भारत और तंजानिया के मध्य सद्भावना का सिलसिला पुराना है। तंजानिया में भारतीय मूल के 50 हजार से अधिक लोग रहते हैं। द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ बनाने के लिए विशेष प्रयास हो रहे हैं। दोनों देशों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में बहुआयामी संबंधों को साझा किया जाता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई शिक्षा नीति में अनुसंधान पर जोर दिया गया है। अनेक स्टार्टअप्स प्रारंभ हुए हैं। मध्यप्रदेश भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। खेलो इंडिया की गतिविधियाँ मध्यप्रदेश में भी हो रही हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत को जी-20 की अध्यक्षता मिलना गर्व का विषय है। मनुष्य को प्रसन्नता का वातावरण उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। लोगों को योजनाओं का आवश्यक लाभ दिलवाने और स्वच्छता जैसे कार्यों में जन-भागीदारी को बढ़ावा दिया गया है। मध्यप्रदेश, प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप विभिन्न क्षेत्रों में सक्रियता से कार्य कर रहा है।

सीएम बोले- हमारे और तंजानिया के संबंध बहुत गहरे और पुराने

मुख्यमंत्री ने कहा कि तंजानिया और भारत के संबंध बहुत गहरे और पुराने हैं। जब अटल जी की सरकार थी, तब से हमारे व्यापारिक संबंध बहुत गहरे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में उन संबंधों को गहराई मिली है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डेलीगेट को बताया कि मध्यप्रदेश में पं. दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन के अनुरूप योजनाओं को लागू किया है। गरीब कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। सड़क, सिंचाई, बिजली, पेयजल की व्यवस्थाएँ मजबूत बनाई गईं। बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ अभियान के साथ ही आँगनवाड़ियों को एडाप्ट करने, पौधे लगाने और आनंद विभाग से विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। यहाँ के नागरिक संग्रह में विश्वास न कर उपयोग में न आने वाली वस्तुएँ और वस्त्र इत्यादि अन्य जरूरतमंद लोगों को प्रदान कर देते हैं। मध्यप्रदेश में किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवा कर कृषि लागत घटाने का कार्य किया गया है। किसानों को सिंचाई और बिजली की सुविधाएँ देते हुए उनकी उपज के ठीक दाम दिलवाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ दिलवाने का कार्य किया गया है। साथ ही फसलों के नुकसान पर सहायता राशि भी प्रदान की जाती है। मध्यप्रदेश में ग्राम सभाओं को सशक्त बनाया गया है। विभिन्न 14 मापदंड बनाए गए हैं। लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद लाड़ली बहना योजना लागू की जा रही है, जिसमें परिवार की महिला को प्रतिमाह एक हजार रूपये प्रदान करने का कार्य किया जाएगा। संबल योजना के हितग्राही, बच्चों के लिए शिक्षण शुल्क और उपचार सहायता प्राप्त करते हैं। महिला को प्रसव के लिए 16 हजार रूपये की राशि संबल योजना में दी जाती है। सामान्य और असमय मृत्यु पर भी मदद दी जाती है। प्रदेश में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

भारत और तंजानिया के रिश्ते और मजबूत करने आए : कीनाना

तंजानिया की सीसीएम पार्टी के उपाध्यक्ष अव्दुलरहमान ओ. कीनाना ने कहा कि भारत और तंजानिया के रिश्ते बहुत अच्छे हैं। हम इन संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए भारत आए हैं। भारत आने के बाद हम विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित कई अधिकारियों से मिले हैं। कल हमारा राष्ट्रपति जी से मिलने का भी कार्यक्रम है। सत्ताधारी दल बीजेपी के अध्यक्ष से भी हमने भेंट की है। इसी क्रम में आज हमें बीजेपी के मध्यप्रदेश के अध्यक्ष वीडी शर्मा से उनके निवास पर मिलने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि वे मध्यप्रदेश में किसान वर्ग, बहन और बेटियों को सहायता देने की योजनाओं से प्रभावित हैं। विशेष रूप से लाड़ली लक्ष्मी योजना काफी उपयोगी योजना है। मध्यप्रदेश आकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है। यह स्वच्छता की दृष्टि से भी अच्छा प्रदेश है। इन्दौर विश्व के स्वच्छतम शहरों में एक है।

Back to top button