मध्य प्रदेश

प्रमोद तिवारी को बनाया हाथ से हाथ जोड़ो अभियान का पर्यवेक्षक, अरुण यादव को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भारत जोड़ो यात्रा के बाद 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान होगा प्रारंभ, हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर होगी पदयात्रा

भोपाल। भारत जोड़ो यात्रा के बाद प्रारंभ होने वाले कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने प्रमोद तिवारी को मध्य प्रदेश का पर्यवेक्षक बनाया है। साथ ही प्रदेश के नेता अरूण यादव को छत्तीसगढ़ का पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। अभियान 26 जनवरी से प्रारंभ होगा।
प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने बताया कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के अंतर्गत पार्टी एक माह तक मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा निकालेगी। इसमें गांव-गांव में घर-घर संपर्क किया जाएगा और भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्य के बारे में बताने के साथ केंद्र व राज्य सरकार की असफलताएं बताई जाएंगी।
मतदान केंद्र स्तर पर संपर्क अभियान चलेगा। जिला स्तर पर सभाएं होंगी और अंत में राज्य स्तर पर महारैली का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन द्वारा विकासखंड स्तर पर बाइक रैली निकाली जाएगी। पार्टी महिलाओं से जुड़ा घोषणा पत्र भी जारी करेगी और प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च होगा। इसमें पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शामिल होंगी।
हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ को आगे बढ़ाने पर पार्टी महासचिवों, विभिन्न राज्यों के प्रभारियों, पीसीसी अध्यक्षों और सीएलपी नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया था। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, महासचिव मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला, तारिक अनवर समेत सभी पीसीसी अध्यक्ष व कांग्रेस विधायक दल के नेता मौजूद थे।

Back to top button