मध्य प्रदेश

एमपी में भारत जोड़ो यात्रा का आखिरी दिन: आगर मालवा के महूड़िया से अलसुबह शुरू हुई यात्रा, शाम को राजस्थान में प्रवेश करेगी यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा राजस्थान सीमा के डोंगरगांव में करेगी आज का रात्रि विश्राम

आगर मालवा के महूड़िया अन्नपूर्णा ढाबा के समीप कैंपस साइट से अलसुबह 6 बजे यात्रा शुरू हुई।

भोपाल/आगर मालवा। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का आज रविवार को मध्यप्रदेश में अंतिम दिन है। रविवार को अलसुबह 6 बजे यात्रा महूड़िया के अन्नपूर्णा ढाबा के समीप कैंपस साइट से शुरू हुई। कोहरे के बीच शुरू हुई यात्रा में दिग्विजय सिंह, प्रहलाद सिंह टिपानिया, जीतू पटवारी, अरुण यादव, विक्रांत भूरिया सहित कई दिग्गज नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। ये सभी पैदल चल रहे थे, वहीं यात्रा में सैकड़ों वाहनों का काफिला भी साथ चल रहा था। कमलनाथ कार में दिखाई दिए।
यात्रा का रविवार को पहला पड़ाव बालिका छात्रावास सोयतकलां के समीप हुआ। यहां से दोपहर करीब साढ़े 3 बजे यात्रा प्रारंभ होगी, जो शाम 7 बजे पिपलेश्वर बालाजी मंदिर होते हुए डोंगरगांव पहुंचकर शाम का ब्रेक लेगी। यहीं से राजस्थान की सीमा लग जाएगी, राहुल गांधी की यात्रा का आज शाम को विश्राम राजस्थान में होगा। संभावना है कि मध्यप्रदेश के नेता यात्रा को राजस्थान तक पहुंचाकर लौट आएंगे। यात्रा के दौरान राहुल ने सोयत के पास देहरिया गांव में रुककर बच्चों और महिलाओं से बात की। उनसे पूछा कैसे हो और क्या सुविधाएं मिल रही हैं? बच्चों और महिलाओं ने परेशानियां बताईं, जिन्हें हल करने के लिए राहुल ने स्थानीय विधायक विपिन वानखेड़े और पीसीसी सदस्य भेरूसिंह बापू को निर्देश दिए।
एमपी में 12 दिन राजस्थान में 18 दिन रहेगी यात्रा
मप्र में यह यात्रा 6 जिलों में कुल 399 किमी का सफर तय कर आगर पहुंची थी, जो जिले में 3 दिन और 2 रात रुककर अन्य जिलों से अधिक 97 किमी की यात्रा पूर्ण करेगी। राहुल गांधी की यात्रा मध्यप्रदेश में 12 दिन तक रही, जिसमें करीब 500 किलोमीटर का सफर पैदल तय किया गया। इस बीच उज्जैन में एक दिन यात्रा का अवकाश रहा। अब यात्रा रविवार शाम को राजस्थान पहुंच जाएगी। राजस्थान में यात्रा करीब 18 दिन रहेगी। मध्यप्रदेश में सबसे अधिक समय यात्रा आगर मालवा क्षेत्र में रही, यहां ही सबसे अधिक करीब 100 किलोमीटर यात्रा पैदल चली है।
बंद रहा सोयत-सुसनेर रोड
राहुल गांधी की यात्रा के कारण आज सोयत से सुसनेर रोड पूरी तरह बंद रहा। इस रूट पर वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से बंद रही। जो लोग इस रूट से आवाजाही करने वाले थे, उन्हें वैकल्पि रास्तों का उपयोग करना पड़ा। इसी के साथ सोयतकलां पहुंचने के भी अन्य कई मार्ग बंद रहे। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।

तस्वीरों में देखिए यात्रा की झलकियां…

यात्रा ने सुबह करीब 8 बजे करकड़ियां जोड़ पर रुककर टी-ब्रेक लिया, जहां यात्रा में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चाय पी।
भारत जोड़ा यात्रा में राहुल के साथ दिव्यांग भी हुए शामिल।
मध्यप्रदेश में सफर के अंतिम दिन रविवार को यात्रा के दौरान राहुल गांधी से दिग्विजय सिंह की चली लंबी चर्चा।
भारत जोड़ो यात्रा में कम्प्युटर बाबा सहित अन्य संत भी हुए शामिल।
भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह-सुबह कोहरे के बीच शुरू हुई यात्रा।
आगर मालवा में यात्रा के दौरान एक डॉग भी शामिल हुआ, जो नफरत छोड़ो और भारत जोड़ो का संदेश दे रहा था।पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ रविवार को भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। आज वे कार में सवार होकर शामिल हुए।
राहुल ने सोयतकला के समीप देहरिया गांव में रुककर बच्चों और महिलाओं से चर्चा की।
एमपी में रविवार को यात्रा के अंतिम दिन बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग राहुल की यात्रा में शामिल हुए।
रविवार सुबह यात्रा में शामिल एक बच्चे से बात करते हुए राहुल गांधी।
यात्रा के दौरान एक बुजुर्ग राहुल से मिलकर सुबह भावुक हो गए।

Back to top button