दुनिया

मालदीव घूमने जाने के मामले में भारतीय सबसे आगे रहे, लेकिन कैसे पड़ोसी ने अपने ही पैर पर मार ली कुल्हाड़ी

मालदीव
मालदीव घूमने जाने के मामले में भारतीय सबसे आगे रहे हैं। पर्यटन मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2023 तक मालदीव आने वाले पर्यटकों में भारतीयों की संख्या सबसे अधिक थी। मालदीव के टूरिज्म मिनिस्ट्री के आंकड़े बताते हैं कि 13 दिसंबर तक यहां कुल 17,57,939 पर्यटक पहुंचे। यह संख्या 2022 में दर्ज 1.5 मिलियन की तुलना में 12.6 प्रतिशत अधिक है। भारत से 2,09,198 लोग पिछले साल मालदीव की यात्रा पर गए थे। इसके बाद रूस से 2,09,146 और चीन से 1,87,118 लोग वहां पहुंचे। ब्रिटेन से लगभग 1,55,730, जर्मनी से 1,35,090, इटली से 1,18,412, अमेरिका से 74,575, फ्रांस से 49,199, स्पेन से 40,462 और स्विट्जरलैंड से 37,260 पर्यटकों ने मालदीव का दौरा किया।

विमानन डेटा से संकेत मिलता है कि मालदीव बीते कुछ बरसों में पर्यटन स्थल के तौर पर भारतीयों के लिए लोकप्रिय विकल्प बना रहा। 2018 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में मालदीव में पर्यटन विस्तार का पहला चरण शुरू हुआ, तब 51 हजार यात्रियों ने भारत और मालदीव के बीच सीधी फ्लाइट्स से यात्रा की। 2019 में इसी तिमाही में यह संख्या करीब 60 हजार यात्रियों तक पहुंच गई। इससे पता चलता है कि भारत और मालदीव के बीच हर दिन लगभग 700 यात्रियों का आना-जाना हुआ।

मालदीव की यात्रा में 2021 में आया उछाल
कोरोना महामारी ने जरूर पर्यटन का यह खेल बिगाड़ा, मगर 2020 के अक्टूबर से दिसंबर तक दोनों ओर से 32,000 यात्रियों का आवाजाही हुई। 2021 आते-आते इस संख्या ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। भारत कोविड की दूसरी घातक लहर से आगे निकल चुका था और मालदीव ने कुछ प्रतिबंधों के साथ पर्यटकों का स्वागत करना शुरू कर दिया। इस दौरान दुनिया के अधिकांश हिस्सों में अभी भी कोरोना पाबंदियां लगी हुई थीं। 2021 की चौथी तिमाही में 1.15 लाख यात्रियों ने भारत से मालदीव के लिए सीधी फ्लाइट्स से उड़ान भरी। प्रतिदिन के हिसाब से यह औसत 1250 यात्रियों का है। 2022 में इसमें गिरावट आई क्योंकि दुनिया के दूसरे हिस्सों में भी भारतीय का आना-जाना दोबारा शुरू हो गया।
 
PM मोदी की लक्षद्वीप यात्रा से लगी मिर्ची
हाल के दिनों में सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक मंत्री सहित मालदीव के कई लोगों ने भारत विरोधी कमेंट किए हैं। इसे देखते हुए देश में मालदीव और उसके पर्यटन स्थलों के बहिष्कार की मांग जोर पकड़ चुकी है। कई मशहूर हस्तियों और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स ने इसका समर्थन किया है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लक्षद्वीप की यात्रा की थी। इस दौरान वह यहां के सी-बीच पर घूमते हुए नजर आए और उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील भी की। इसे लेकर मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू की पार्टी के नेता बौखलाए हुए हैं। वे भारत को निशाना बनाते हुए एक्स पर कई तरह के पोस्ट कर रहे हैं। भारतीयों ने इसका करारा जवाब देते हुए #bycottmaldives ट्रेंड कराया और लोग पहले से तय अपनी मालदीव की यात्राओं को कैंसिल कर रहे हैं।

 

Back to top button