छत्तीसगढ़रायपुर

बिहान मेला जैसे प्रयास से समाज में आती है जागृति, खुलते हैं विकास के रास्ते – विधायक छन्नी साहू

राजनांदगांव । जनपद पंचायत छुरिया के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में आज राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना अंतर्गत महिला समूह के लिए बिहान मेला का आयोजन किया गया। बिहान मेला का आयोजन जिला प्रशासन एवं कलेक्टर डोमन सिंह के मार्गदर्शन व नेतृत्व में किया गया।

बिहान मेला में आज देर तक रौनक रही और यहां लगभग 7 हजार से अधिक लोगों ने लुत्फ उठाया। बिहान मेले में 30 महिला समूह ने स्टाल के माध्यम से अपने यहां उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी व बिक्री की। बिहान मेला का आयोजन होने से 1730 महिला समूह को अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए एक बेहतरीन प्लेटफार्म मिला। मेले में समूह की महिलाओं के लगभग 2 लाख 18 हजार रूपए के उत्पादों की बिक्री हुई।

यहां पहुंचे खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू एवं कलेक्टर डोमन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने महिला समूह के स्टाल में पहुंचकर महिला समूह द्वारा उत्पादित सामग्री का अवलोकन किया। इस दौरान खुज्जी विधायक श्रीमती छन्नी साहू ने कहा कि समूह की महिलाओं के प्रयास से समाज में जागृति आती है। महिलाओं के अग्रणी भूमिका में आगे आने से विकास की राह खुलती है। उन्होंने महिला समूह को उनके इस प्रयास के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

कलेक्टर डोमन सिंह ने महिला समूह की प्रशंसा करते हुए कहा कि समूह की महिलाओं के द्वारा काफी अच्छा प्रयास किया गया है। समूह की महिलाओं द्वारा किये जा रहे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। कलेक्टर ने कहा कि महिला समूह जागरूक होकर समाज में आगे बढ़ रही हैं। महिलाओं के प्रयास से समाज में नए-नए आयाम बनते हैं और विकास का आगाज होता है। इस दौरान कलेक्टर ने महिला समूह को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने उत्पादों के साथ-साथ अन्य समूहों के उत्पादों का भी अवलोकन करें। जिससे एक दूसरे के उत्पादों को समझने और आगे कार्य करने की प्रेरणा मिलता रहे।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा महिला स्वसहायता समूह को प्रोत्साहन देने के लिए विकासखंड स्तरीय बिहान मेला का आयोजन किया जा रहा है। जिला पंचायत सीईओ अमित कुमार ने बताया कि बिहान मेला के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा अच्छा कार्य किया गया। 21 दिसम्बर को डोंगरगढ़ में बिहान मेला का आयोजन किया जाएगा। जिले में सभी विकासखंडों में बिहान मेला का आयोजन होगा। इस दौरान एसडीएम डोंगरगांव सुनील नायक उपस्थित रहे।

बिहान मेला में मोबाईल मेडिकल यूनिट के माध्यम से 210 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। खासकर महिलाओं ने बड़ी संख्या में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। बीपी, शुगर सहित सर्दी, खांसी बुखार, मलेरिया की जांच की गई। साथ ही आवश्यक दवाई व आवश्यक परामर्श भी दिया गया। महिलाओं ने मोबाईल मेडिकल यूनिट को एक अच्छी योजना बताया। बिहान मेला में आज 17 महिला समूह को एनआरएलएम योजना अंतर्गत 64 लाख रूपए की ऋण स्वीकृति का चेक वितरित किया गया।

विधायक श्रीमती साहू ने समूह की महिलाओं को चेक व प्रशस्ति पत्र वितरित किया। बिहान मेला में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले, पैरा दान, वर्मी उत्पादन, आदर्श गौठान, स्वसहायता समूह की उत्पादों की बिक्री व बैंक सखी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला समूह को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। गौरतलब है कि बिहान मेला में समूह की महिलाओं द्वारा टेंट लगाया गया तथा माईक की व्यवस्था भी की गई।

बिहान मेला में महिला समूह द्वारा उत्पादित सामग्री आकर्षण का केंद्र रहा। महिला समूह द्वारा छत्तीसगढ़ी व्यंजन का स्टाल लगाया गया। यहां आने वाले लोगों ने व्यंजन का लुत्फ उठाया। आज यहां माला आजीविका संकुल संगठन छुरिया द्वारा हल्दी मिर्च धनिया पाउडर का स्टॉल लगाया।

इसी प्रकार पदम मोंगरा स्वसहायता समूह कल्लू बंजारी द्वारा मिठाई, नव अभिलाषा स्वसहायता समूह कल्लू बंजारी द्वारा दाल बड़ी, ज्योति कलश स्वसहायता समूह आटरा द्वारा बाड़ी में उत्पादित जाम, पदम नवदुर्गा स्व सहायता समूह मासूल द्वारा जिमीकंद, जागृति महिला स्वसहायता समूह लाममेटा द्वारा स्टेशनरी सामग्री, पदम मां शीतला स्वसहायता समूह द्वार फैंसी दुकान, जय अंबे स्वसहायता समूह दीवानटोला द्वारा कपड़ा दुकान, मां धनेश्वरी स्वसहायता समूह हाले कोसा द्वारा सब्जी, मां बम्लेश्वरी दुर्गा स्वसहायता समूह कीरगाहाटोला द्वारा गुपचुप  ठेला, दीक्षा स्व सहायता समूह मेटेपार द्वारा अंडा रोल, वृंदावन स्व सहायता समूह पाटेकोहरा के द्वारा होटल, जय मां सरस्वती स्वयं सहायता समूह पाटेकोहरा के द्वारा बांस से उत्पादित सामग्री, पूजा स्वसहायता समूह पाटेकोहरा के द्वारा गुपचुप दुकान, जय मां दुर्गा स्वसहायता शिकारीटोला के द्वारा चप्पल दुकान, मां गायत्री स्व सहायता समूह मकरधौकरा के द्वारा सब्जी, मां अंबे स्व सहायता समूह रानी तालाब के द्वारा बैग दुकान, मां गौरी स्व सहायता समूह महाराजपुर के द्वारा सब्जी, मां सरस्वती स्वसहायता समूह जोबा के द्वारा जिमीकंद, महाशक्ति स्वसहायता समूह जोबा के द्वारा चिरायता, मां शारदा स्वसहायता समूह तेलीनबांधा के द्वारा मुर्रा लड्डू जैसे उत्पादों की बिक्री महिला समूह द्वारा लगाया गया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के डीपीएम उमेश तिवारी एवं उनकी टीम उपस्थित थी।

Back to top button