मध्य प्रदेश

कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों से सामना किया और आज भाजपाई अंग्रेजों से सामना, इनसे डरने की जरूरत नहीं : जेपी अग्रवाल

राहुल गांधी की सांसदी समाप्त करने के विरोध में कांग्रेस ने किया सत्याग्रह

भोपाल। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा से समाप्त की गई सदस्यता के विरोध में कांग्रेस द्वारा लगातार आंदोलन किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के सामने स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा के समक्ष संकल्प सत्याग्रह किया। अभा कांग्रेस के महासचिव मप्र प्रभारी जेपी अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में हुए इस धरना में कांग्रेसजनों ने मोदी सरकार और भाजपा नेताओं पर जमकर हमला किया। अग्रवाल ने कहा पहले हम अंग्रेजों से लड़े थे और कांग्रेस के इतिहास में ऐसे अंग्रेज बार-बार आयेंगे, इनसे हमें बिल्कुल भी डरने और भयभीत होने की जरूरत नहीं है, बल्कि हमें पूरी ताकत के साथ इनसे मुकाबला करना है।
ज्ञातव्य हो कि अभा कांग्रेस के निर्देश पर पूरे देश में और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आव्हान पर प्रदेश भर में संकल्प सत्याग्रह आयोजित किया गया, जिसमें श्री राहुल गांधी जी की लोकसभा से सदस्यता समाप्त किये जाने के विरोध में भाजपा सरकार के तानाशाही रवैये पर कांग्रेसजनों ने आक्रोश जताया। जेपी अग्रवाल ने कहा कि आजादी के पहले और आजादी के बाद हमारे नेताओं ने देश के लिए त्याग, बलिदान देकर देश को सिंचित किया, देश को आगे बढाने का काम किया। आजादी के लिए अंग्रेजों से लडक़र अपनी कुर्बानियां दी। कांग्रेस के समय कानून ने उसमें संशोधन भी हुये लेकिन भाजपा राज में कानून को ही समाप्त किया जा रहा है। जिस भाजपा को अपने इतिहास का पता नहीं, वह कांग्रेस के इतिहास की बात करती है। भाजपा सत्य से डरी और बौखलाई हुई है। जिस परिवार ने देश की सेवा के लिए त्याग और बलिदान दिया उस परिवार का खून देश की सेवा के लिए सच्चाई बाले तो वह भाजपा को हजम नहीं हो रही है। बोलने की आजादी को हमसे छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में राहुल गांधी को बोलने से रोका जा रहा है, यह कौन सी न्याय प्रणाली है। उन्होंने कहा कि मजबूत हैं, हमारा इतिहास मजबूत है, हमारे नेता भी मजबूत है, किसी भी सूरत में कमजोर पडऩे वाले नहीं है।

सुरेश पचौरी बोले : भाजपा विपक्ष की आवाज को तानाशाही रवैये से दबाने का काम कर रही

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि देश में जो परिस्थितियां निर्मित है, उन पर हमें विचार करने की आवश्यकता है, देश में महंगाई, बेरोजगारी, अर्थव्यवस्था और कानून व्यवस्था छिन्न भिन्न है। केंद्र हो या राज्य की भाजपा सरकारों द्वारा जो वादे जनता से किये गये थे, उनके प्रतिपूर्ति की दिशा में इन सरकारों द्वारा कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। जनता सत्तापक्ष से अपने अधिकारों और हक की उम्मीद करती है। जब सत्ता पक्ष उनके अधिकारों पर कुठाराघात करती है तो जनता विपक्ष से उम्मीद करती है और जनता के मुद्दों को ऊपर संसद, विधानसभा आदि में उठाती है, लेकिन भाजपा विपक्ष की आवाज को तानाशाही रवैये से दबाने का काम कर रही है। हमारे नेता राहुल गांधी जब संसद में सच्चाई बताते हैं तो भाजपा अलौकतांत्रिक तरीके से उनका मुंह बंद कर देती है। यह लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा खतरा है। हमारे नेता राहुल गांधी जब संसद में भ्रष्टाचार को उजागर करते हैं तो भाजपा खासतौर से प्रधानमंत्री बौखला जाते हैं और उनसे बदला लेने की भावना भाजपा के मन में आ जाती है। उन्होंने कहा कि हम सब न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, जो निर्णय हुआ है, कोर्ट में जब मामला जाएगा तो नतीजा सामने आयेगा कि डिसीजन में बहुत विसंगतियां हैं। चुप रहने और डरने की जरूरत नहीं, हमें अपनी आवाज को और बुलंद करने की जरूरत है।

सत्याग्रह में ये नेता भी हुए शामिल

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी राजीव सिंह, प्रकाश जैन, सै. साजिद अली, दीपचंद यादव, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष विभा पटेल, डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान, केके. मिश्रा, भूपेन्द्र गुप्ता, मानक अग्रवाल, रवि सक्सेना आदि कांग्रेसजनों ने भी संबोधित किया। संकल्प सत्याग्रह धरना कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अवनीश भार्गव ने किया और जिला/ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षद्वय अरूण श्रीवास्तव एवं कैलाश मिश्रा ने उपस्थित सभी कांग्रेसजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Back to top button