मध्य प्रदेश

कांग्रेस की गुटबाजी फिर हुई उजागर : ग्वालियर में प्रियंका के दौरे के पहले जयवर्धन सिंह के सामने चले लात-घूंसे

आपस में भिड़ गए कांग्रेसी, पूर्व मंत्री के भतीजे की कार में भी की तोडफ़ोड़

ग्वालियर। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के ग्वालियर दौरे से पहले कांग्रेस की गुटबाजी सामने आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह के स्वागत के लिए पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। ग्वालियर के कांग्रेस के नेता आपस में भिडऩे के साथ उनके बीच जमकर झूमाझटकी और आपस में लाठी डंडे चले।

पूर्व मंत्री के भतीजे के कार के शीशे फोड़े

प्रियंका गांधी वाड्रा 22 जुलाई को ग्वालियर में सभा करेंगी। इसकी तैयारियों का जायजा लेने पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ५ जुलाई, बुधवार को ग्वालियर पहुंचे। होटल सेंट्रल पार्क में उनके स्वागत के लिए स्थानीय नेता-कार्यकर्ता इकट्ठे हुए थे। इसी दौरान दो गुट आपस में भिड़ गए। एक गुट ने पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के भतीजे संजय सिंह यादव की कार के शीशे फोड़ दिए। बाद में सीनियर लीडर्स ने झगड़ा शांत कराया।पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा, स्वागत के दौरान दो पक्षों में धक्का-मुक्की से झगड़ा हो गया था। यह बात गलत है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। हमने दोनों पक्षों से बात की है और उनको समझाया है।

इसलिए हुई हाथापाई

पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह के सामने ही संजय सिंह यादव के समर्थकों का थाटीपुर के कांग्रेस नेता माठू यादव के साथ विवाद हो गया। दोनों गुटों के बीच हाथापाई होने लगी। बात यहीं तक नहीं थमी। झूमाझटकी के बाद लाठी और हॉकी भी चलीं।

क्या कहना है दोषियों का?

जब इस मामले में कांग्रेस नेता माठू यादव से बात करनी चाही तो उनका फोन बंद मिला। वहीं, संजय सिंह यादव का कहना है कि कोई लड़ाई नहीं हुई है। बीजेपी के लोग कांग्रेस नेताओं के बीच घुसकर हंगामा कर रहे थे, जिससे आम लोगों को लगे कि कांग्रेसी आपस में लड़ रहे हैं। वे 22 जुलाई को प्रियंका गांधी के प्रस्तावित दौरे से डरे हुए हैं।

Back to top button