Uncategorized

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले बोले- क्षत्रियों को मिले 10 से 12 प्रतिशत आरक्षण …

लखनऊ । लखनऊ में एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा है कि जब तक राहुल गांधी हैं तब तक कांग्रेस पार्टी का कुछ भला नहीं होने वाला है। उन्होंने प्रियंका गांधी के मंदिर जाने पर भी कहा कि इससे कांग्रेस को कोई फायदा नहीं मिलने वाला है। यही नहीं अठावले ने अपनी मांग दोहराते हुए कहा कि यूपी में भाजपा को उन्हें 5 से 6 सीटें देनी चाहिए। उन्होंने क्षत्रियों को 10 से 12 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग भी की।

रामदास अठावले ने कहा कि मेरी केंद्र सरकार से मांग है कि क्षत्रियों को 10 से 12% आरक्षण मिलना चाहिए। किसी भी जाति के लोग जोकि गरीबी रेखा से नीचे हैं उन्हें आरक्षण का फायदा मिलना चाहिए। अठावले ने कहा कि केंद्र की योजनाओं का लाभ निचले स्तर तक जनता को मिल रहा है। जिसका फायदा भी पार्टी को चुनावों में मिलेगा। उन्होंने कहा कि यूपी में बसपा का जनाधार खिसक रहा है। अगर हमारी पार्टी को यूपी में भाजपा अपने साथ जोड़ेगी तो उसे फायदा जरूर मिलेगा।

रामदास अठावले ने कृषि कानूनों के संबंध में बता करते हुए कहा कि सरकार किसान विरोधी नही है। वह किसानों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यूपी में भी सरकार कृषक कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा जब सरकार कानूनों में संशोधन और रिव्यु करने की बात कर रही है तो इसे रद्द करने की मांग करना अनुचित हैं। उन्होंने कहा कृषि कानूनों पर विपक्ष किसानों को गुमराह कर रहा है। यदि ऐसे कानून रद्द होने लगा तो हर कानून पर लोग विरोध करना शुरू कर देंगे।

रामदास अठावले ने कहा कि कल पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया है। हम पांच राज्यों में भाजपा के साथ लड़ना चाहते हैं, लेकिन कहीं किसी राज्य में भाजपा के साथ गठबंधन न हो पाया तो हम भाजपा का साथ देंगे। उन्होंने कहा पश्चिम बंगाल में 56% दलित हैं। यहां हम भाजपा के साथ ही हैं। यहां पार्टी 200 से ज्यादा सीट जीतेगी। रही बात यूपी की तो यहां बसपा से दलित नाराज है। लोग हमारी पार्टी से जुड़ना चाहते हैं। हम यूपी में भाजपा से 5 से 6 सीटों की मांग करते हैं।

 

Back to top button