नई दिल्ली

महाराष्ट्र में आज लोकसभा चुनाव हुए तो भारतीय जनता पार्टी को होगा भारी नुकसान …

मुंबई। शिवसेना में दो फार होने के बाद महाराष्ट्र में हाल ही में सत्ता परिवर्तन हुआ है। बागी विधायकों की अगुवाई कर रहे एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री बने और देवेंद्र फडणवीस को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है। सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा का इरादा उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को खत्म करते हुए शिंदे गुट की मदद से 2024 में राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनाव अकेले दम पर जीतने का है। हालांकि, ताजा सर्वे के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी इस चुनाव में बुरी तरह हार जाएगी।

इंडिया टुडे और सी वोटर्स ने एक सर्वे किया है। इसके मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो बीजेपी और शिंदे गुट (एकनाथ शिंदे कैंप) को बड़ा झटका लग सकता है। महाविकास अघाड़ी अगर एक साथ चुनाव लड़ती है तो इस बात की प्रबल संभावना है कि शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस को बड़ा फायदा होगा।

इंडिया टुडे और सी वोटर्स द्वारा हाल ही में कराए गए एक सर्वे में ये चौंकाने वाले नतीजे सामने आए हैं। इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि राज्य के लोगों को भाजपा और शिंदे समूह द्वारा बनाई सरकार पसंद नहीं आई। सर्वे के मुताबिक, अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से यूपीए को 30 सीटें जाती दिख रही हैं। वहीं, भाजपा नीत एनडीए को 18 सीटें मिल सकती हैं। यह बीजेपी के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है जो भाजपा की हार का दिखा रहा है। आपको बता दें कि 2019 का लोकसभा चुनाव बीजेपी और शिवसेना ने साथ मिलकर लड़ा था। उन्होंने महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 42 सीटों पर जीत हासिल की थी।

महाराष्ट्र में हाल ही में सत्ता हस्तांतरण के बाद शिंदे समूह के विधायक और सांसद भाजपा के साथ चले गए हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में शिवसेना के पास सिर्फ 6 सांसद बचे हैं। इस हिसाब से शिंदे समूह और बीजेपी के सांसदों की मौजूदा संख्या 36 है। हालांकि, अगर आज लोकसभा चुनाव होते हैं तो यह संख्या घटकर 18 सीटों पर आ जाएगी। बीजेपी की सीटों में सीधे तौर पर 50 फीसदी की कमी आएगी। इसे बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

इस बात की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता है कि आने वाले समय में स्थिति काफी हद तक बदल सकती है। अगर सुप्रीम कोर्ट शिंदे समूह के विधायकों को अयोग्य नहीं ठहराता है तो शिवसेना उद्धव ठाकरे के हाथ से निकल सकती है। ऐसे में लोकसभा चुनाव के समीकरण बदल जाएंगे।

Back to top button