नई दिल्ली

कोरोना : पिछले 17 दिन से बढ़ रहे एक्टिव केस, आंकड़ा 4.5 लाख के पार; इसमें 1.60 लाख मामले बीते 7 दिन में बढ़े …

नई दिल्ली (पंकज यादव) । देश में कोरोना की दूसरी लहर डराने लगी है। पिछले 17 दिनों से एक्टिव केस (जिनका इलाज चल रहा है) लगातार बढ़ते जा रहे हैं। देश में 10 मार्च को 1.86 लाख एक्टिव केस थे, यह आंकड़ा 27 मार्च तक बढ़कर 4.5 लाख के पार पहुंच गया। कोरोना की रफ्तार का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि बीते 7 दिन में ही एक्टिव केस के आंकड़े में 1.60 लाख से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया है। शुक्रवार को 62,276 नए मरीज मिले। 30,341 ठीक हुए और 292 की मौत हो गई। सबसे ज्यादा खराब हालात महाराष्ट्र के हैं। यहां एक ही दिन में 36,902 संक्रमित मिले हैं। यह आंकड़ा 11 सितंबर को आए पहले पीक से भी डेढ़ा गुना है। तब यहां 24,886 केस आए थे।

देश में अब तक 1.19 करोड़ लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से करीब 1.13 करोड़ ठीक हो चुके हैं। 1,61,275 मरीजों ने जान गंवाई है। अभी 4.49 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है। दिल्ली में अब बिना रजिस्ट्रेशन के कोरोना की टीका लगवाया जा सकेगा। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन में एक दिक्कत यह आ रही थी कि लोगों को वैक्सीनेशन से पहले अपना पंजीकरण कराना पड़ता था। बहुत सारे लोग अपना पंजीकरण नहीं करा पाते हैं और अगर वे पंजीकरण करा भी लेते हैं, तो उन्हें वैक्सीन लगाने का जो दिन दिया जाता है, उस दिन वो किसी काम में व्यस्त होने की वजह से नहीं पहुंच पाते हैं और उन्हें वैक्सीन नहीं लग पाती है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में बाकी सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। सचिन ने बताया कि मैं लगातार टेस्ट करा रहा था और कोरोना से बचने के लिए सभी कदम भी उठा रहा था। हालांकि, हल्के लक्षण के बाद आज मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। उन्होंने बताया कि मैंने खुद को होम क्वारैंटाइन कर लिया है। डॉक्टरों के निर्देशों का पालन कर रहा हूं। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 28 मार्च से पूरे प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला लिया है। इस दौरान सभी मॉल रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक बंद रहेंगे।

मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि प्रदेश में लॉकडाउन लगाने का उनका इरादा नहीं है, लेकिन राज्य में जिस तरह से कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं, इससे हम उसी रास्ते पर जा रहे हैं। उन्होंने सभी कलेक्टरों से कहा कि वे अस्पतालों में बेड, दवा और मेडिकल फैसेलिटी का पर्याप्त इंतजाम करें। कर्नाटक के हेल्थ डिपार्टमेंट ने मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कैंपस को सील कर दिया है। बड़ी संख्या में कोरोना के केस सामने आने के बाद यह फैसला लिया गया। मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का यह कैंपस बेंगलुरु से 400 किलोमीटर दूर उडुपी जिले में है। मध्यप्रदेश के बड़े शहरों के बाद अब छोटे शहरों में भी संडे लॉकडाउन शुरू हो गया है। यहां के विदिशा, उज्जैन, ग्वालियर,नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा के सौंसर में रविवार को लॉकडाउन रहेगा। इससे पहले भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रतलाम, बैतूल, छिंदवाड़ा और खरगोन में संडे लॉकडाउन लगाने का फैसला किया गया था।

हिमाचल प्रदेश में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान 4 अप्रैल तक बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शुक्रवार को आपदा प्रबंधन के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में यह फैसला लिया, जिसे तुरंत प्रभाव से लागू भी कर दिया गया। कर्नाटक सरकार ने 1 अप्रैल से बेंगलुरु आने वाले लोगों के लिए कोरोना निगेटिव रिपोर्ट जरूरी कर दी है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने बताया कि शहर में अन्य राज्यों से आने वालों को RT-PCR टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य होगा।

Back to top button