पेण्ड्रा-मरवाही

डोनेशन ऑन व्हील्स अभियान : कलेक्टर शिखा राजपूत ने कहा- आप दान दीजिए, हम जरुरतमंद तक पहुंचाएंगे

गौरेला (आशुतोष दुबे)। जिले में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान दैनिक रोजी-मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले परिवारों, निःशक्तजनों, आश्रयहीन लोगों के समक्ष भोजन और राशन की दिक्कत न हो, इसके लिए कलेक्टर शिखा राजपूत की पहल पर गौरैला में ‘डोनेशन ऑन व्हील्स अभियान’ की शुरूआत की गई है। इस अभियान में जरूरतमंदों के घर तक राशन पहुंचाया जा रहा है। इस कार्य में अनेक समाजसेवी संस्थाएं और सामाजिक संगठन भी आगे बढ़कर हाथ बंटा रही है। जिला प्रशासन द्वारा घर-घर लोगों से सूखा राशन एकत्र किया जा रहा है। कोई भी नागरिक इस कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकता है।

कलेक्टर शिखा राजपूत ने आज ‘डोनेशन ऑन व्हील्स’ अभियान का शुभारंभ करते हुए राशन सामग्री के 25 राहत पैकेट जरूरतमंद व्यक्तियों के लिए उपलब्ध कराया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, एसडीएम मयंक चतुर्वेदी और परियोजना प्रशासक राजपूत द्वारा 10-10 राहत पैकेट उपलब्ध कराया गया। शहर के अन्य नागरिकों व समाजसेवियों के साथ शासकीय अधिकारियों व कर्मचारियों ने डोनेशन आन व्हील्स के लिए अपना बहुमूल्य सहयोग प्रदान किया।

जिला प्रशासन गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा जरूरतमंदों की सहायता के इच्छुक दानदाताओं से राशन सामग्री के पैकेट एकत्र कर उन्हें जरूरमंद लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। दान दाताओं से राशन सामग्री के पैकेट एकत्र करने के लिए दो वाहन लगाए गए हैं। इन्हें शहर के मोहल्लों और कालोनियों में राशन सामग्री एकत्र करने भेजा जा रहा है।

सामाजिक संस्थाओं, आम नागरिकों और दानदाताओं से अपील की गई है कि वे राशन सामग्री के पैकेट तैयार कर अपने घर में रखें और जिला प्रशासन को सूचित करें। जिला प्रशासन द्वारा वाहन भेजकर इसे एकत्र कर जरूरतमंदों को वितरित करने का काम किया जाएगा।

खाद्यान्न सामग्री दान करने के इच्छुक व्यक्तियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा मोबाइल नम्बर जारी किए गए हैं। इन नम्बरों पर सम्पर्क कर ‘डोनेशन ऑन व्हील्स अभियान‘में राशन सामग्री के पैकेट उपलब्ध कराने के संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

डोनेशन आन व्हील्स हेतु दानदाता 5 किलोग्राम चावल, 2 किलोग्राम आटा, आधा किलोग्राम दाल, 250 ग्राम हल्दी, आधा किलोग्राम नमक व एक नग साबुन (कपड़ा धोने और नहाने का) शामिल कर राशन पैकेट तैयार कर सकते हैं। उपरोक्त सामग्री के लिए प्रति पैकेट 350 रुपए के मान से राशि प्रदान कर भी डोनेशन आन व्हील्स से जुड़ सकते हैं।

सहयोग की इच्छुक संस्थाएं व निवासी बीडी बघेल मोबाइल नंबर 8770134594, एसएन साहू के मोबाइल नंबर 9424142583, गिरीशचंद्र लहरे के मोबाइल नंबर 9424160315, हरीश शर्मा के मोबाइल नंबर 8839262866, जेएस राठौर के मोबाइल नंबर 9993196996 पर संपर्क कर सकते हैं। भोजन के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री जिला प्रशासन की टीम द्वारा जरूरतमंद परिवारों व व्यक्तियों को उनके द्वार तक पहुंचाएगी। जरूरतमंद परिवार या व्यक्तियों की सूचना दूरभाष क्रमांक 07751-221004 अथवा मोबाइल नंबर 8770134594 पर दी जा सकती है।

Back to top button