Uncategorized

कांग्रेस विधायक का दावा, बीजेपी से मिलीभगत कर झारखंड की सरकार को गिराने में लगे थे आरपीएन सिंह …

नई दिल्ली। आरपीएन सिंह के बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बीजेपी के साथ मिलीभगत कर एक साल से अधिक समय से झारखंड की सरकार को गिराने की कोशिश कर रहे थे। कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह मंगलवार को बीजेपी में शामिल हो गए। मंगलवार को ही उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया और कुछ घंटे के भीतर ही वो बीजेपी में शामिल हो गए। बता दें कि झारखंड में फिलहाल झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन की सरकार है। विधायक अंबा प्रसाद खुद झारखंड के विधायक हैं।

अंबा प्रसाद ने ट्वीट करते हुए कहा ‘पिछले एक साल से ज्यादा से बीजेपी के साथ सांठ-गांठ कर आरपीएन सिंह जी झारखंड की कांग्रेस-जेएमएम सरकार को अपदस्थ कराने की कोशिश कर रहे थे। पार्टी नेतृत्व को लगातार इस बारे में आगाह भी किया गया था। इनके बीजेपी में जाने से झारखंड का हर सच्चा कांग्रेसी खुश है।’ बता दें कि आरपीएन सिंह झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी थे।

झारखंड कांग्रेस प्रमुख राजेश ठाकुर ने पहले कहा था कि सिंह का कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने का निर्णय गलत था। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए ठाकुर ने कहा, ‘हम कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं, हम यहीं जिएंगे और मरेंगे। हमें लगता है कि उनका फैसला गलत है।’ झारखंड कांग्रेस प्रमुख ठाकुर ने यह कहते हुए कि सिंह का पार्टी से बाहर निकलना दुखत है। उन्होंने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है क्योंकि कई प्रभारी और चले गए। उन्होंने कहा कि सिंह ने बहुत सोच विचार के बाद यह फैसला लिया होगा।

वहीं, आरपीएन सिंह ने कहा कि भाजपा में शामिल होना उनके लिए एक नई शुरुआत है। उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह के दूरदर्शी नेतृत्व और मार्गदर्शन में राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए तत्पर हूं।’ वह अब तक कांग्रेस में राष्ट्रीय प्रवक्ता और झारखंड के प्रभारी की जिम्मेदारी निभा रहे थे।

सिंह ने भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री व उत्तर प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और दिनेश शर्मा तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

Back to top button