Uncategorized

दुर्गा पूजा धरोहर घोषित : ममता ने किया हमला, कहा-हमें बदनाम करने वाली भाजपा अब यूनेस्को को क्या कहेगी…

कोलकाता। संयुक्त राष्ट्र के यूनेस्को ने कोलकाता के दुर्गा पूजा को विश्व धरोहर की सूची में शामिल किया है। इसको लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हमें बदनाम करने वाली भाजपा अब यूनेस्को को क्या कहेगी। हमने बता दिया कि कोलकाता के दुर्गा पूजा को हम कितने तरीके से मनाते आ रहे हैं।

गौरतलब है कि यूनेस्को ने बुधवार को यूनेस्को ने कहा कि कोलकाता का दुर्गा पूजा मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत है। इसको लेकर कोलकाता नगर निगम की एक रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस उपलब्धि से हम बहुत खुश हैं, हमें हमारा परिणाम मिल गया है। ममता बनर्जी ने संयुक्त राष्ट्र और यूनेस्को को धन्यवाद दिया और कहा कि अगले दुर्गा पूजा पर हम इस उपलब्धि का जश्न मनाएंगे।

पश्चिम बंगाल सीएम ममता ने भाजपा को लेकर कहा कि भाजपा के लोग हम पर आरोप लगाते थे कि हमारी सरकार में हिंदू त्योहारों पर आजादी नहीं है, हम तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं। ऐसे में अब यूनेस्कों द्वारा दिया गया सम्मान उनके लिए तमाचा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को फांसी पर लटका देना चाहिए। ममता ने कहा कि भाजपा के दुष्प्रचार का पर्दाफाश हुआ है और हमारे राज्य में सब एक हैं इसको इस सम्मान ने साबित किया है।

ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल को उत्कृष्ट राज्यों में शामिल करने को लेकर मेरा जो प्रयास है, यह उसी का फल है। इस उपलब्धि के लिए मैं काफी समय प्रयासरत थी। इस सम्मान के बाद मुझे बदनाम करने वाले भाजपा के लोग अब मुंह छुपाए फिर रहे हैं। हमारे प्रयास को सम्मानित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र और यूनेस्को को बहुत बहुत धन्यवाद।

वहीं ममता ने जहां अपनी पीठ थपथपाई तो दूसरी तरफ भाजपा ने इसे केंद्र सरकार के प्रयासों का नतीजा बताया। भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि टीएमसी ने वास्तव में दुर्गा पूजा विसर्जन को रोकने की कोशिश की थी। जब मोहर्रम और दुर्गा पूजा एक साथ होते थे तब ममता मोहर्रम को प्राथमिकता देती थीं। वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजुमदार ने कहा कि दुर्गा पूजा को जो सम्मान मिला है वह केंद्र सरकार की वजह से मिला है। 

Back to top button