
महंगी बाइक के हैं शौकीन? लगेगी जीरो इंपोर्ट ड्यूटी, हार्ले-डेविडसन समेत बड़ी बाइक्स होंगी सस्ती
सितंबर 2020 में हार्ले ने अपना पुराना बिजनेस मॉडल भारत में बंद कर दिया था। उस वक्त कंपनी के पास स्ट्रीट 750, आयरन 883 जैसी बाइक्स शामिल थीं।
भारत अमेरिकी बाइक कंपनियों को बड़ा तोहफा देने वाला है। अब 800 से 1,600 CC और उससे ज्यादा इंजन वाली मोटरसाइकिलों पर भारत जीरो ड्यूटी कर देगा। ये फैसला भारत अमेरिका ट्रेड डील के तहत हुआ है। इससे सबसे ज्यादा फायदा हार्ले-डेविडसन जैसी मशहूर अमेरिकी कंपनी को मिलेगा।
एक सरकारी अधिकारी ने शनिवार को ये बात न्यूज एजेंसी PTI को बताई। बता दें कि भारत और अमेरिका ने उसी दिन एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें इस बीच के व्यापार समझौते का जिक्र है। उम्मीद है कि मार्च के मध्य तक ये समझौता आधिकारिक तौर पर साइन हो जाएगा। अधिकारी के अनुसार, समझौता लागू होते ही ये ड्यूटी खत्म कर दी जाएगी।
पिछले साल भारत सरकार ने बड़ी बाइक्स पर इंपोर्ट ड्यूटी पहले ही कम कर दी थी। 1,600 CC तक की पूरी तरह बनी यानी CBU मोटरसाइकिलों पर ड्यूटी 50 फीसदी से घटाकर 40 फीसदी की गई। वहीं 1,600 CC से ज्यादा वाली बाइक्स पर ड्यूटी 50 से घटाकर 30 फीसदी कर दी गई। अब नए समझौते से 800 CC से शुरू होकर ऊपर वाली कैटेगरी में ड्यूटी बिल्कुल जीरो हो जाएगी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कई बार इस मुद्दे को उठाया था। उनका कहना था कि भारत की हाई ड्यूटी की वजह से हार्ले-डेविडसन की बाइक्स यहां ठीक से नहीं बिक पातीं। इस बार का फैसला उसी शिकायत को दूर करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
भारत में हाई-एंड प्रीमियम बाइक्स का बाजार अभी भी काफी छोटा है। इस सेगमेंट में अमेरिकी ब्रांडों की हिस्सेदारी भी बहुत कम रही है। फिर भी ये कदम दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ाने की कोशिश का हिस्सा है।
समझौते में कारों के लिए भी कुछ राहत शामिल है। भारत अमेरिकी डीजल कारों (2,500 CC और उससे ज्यादा) और पेट्रोल कारों (3,000 CC और उससे ज्यादा) पर ड्यूटी में छूट देगा। दूसरी तरफ अमेरिका भारत से आने वाले कुछ ऑटो पार्ट्स पर टैरिफ हटा रहा है, जबकि कुछ अन्य कंपोनेंट्स पर 18 फीसदी टैरिफ लगा रहेगा।
हार्ले-डेविडसन का भारत में लंबा इतिहास रहा है। अक्टूबर 2020 में कंपनी ने हीरो मोटोकॉर्प के साथ पार्टनरशिप की थी। इस डील के तहत हीरो भारत में हार्ले ब्रांड की प्रीमियम बाइक्स बनाएगी, बेचेगी और उनकी सर्विस भी संभालेगी। साथ ही पार्ट्स, एक्सेसरीज, राइडिंग गियर और कपड़े भी बेचे जाएंगे। ये सब हार्ले के खास डीलर्स और हीरो के नेटवर्क से होगा।















