रायपुर

…तो सरकार 1815 रूपए प्रति क्विंटल से समर्थन मूल्य पर खरीदेगी धान

बोनस पर निर्णय अभी नहीं

रायपुर। धान खरीदी को लेकर चल रहे तकरार के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने चालू खरीफ फसल के लिए समर्थन मूल्य की घोषणा कर दी है। किसानों से धान कामन 1815 रू. प्रति क्विंटल तथा धान ग्रेड ए के लिए 1835 रू. प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य घोषित किया है। इसके अतिरिक्त मक्का का 1760 रू. प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जाएगी। किसानों से धान खरीदी 1 दिसंबर 2019 से 15 फरवरी 2020 तक की जाएगी वहीं मक्का की खरीदी 1 दिसंबर से शुरू कर 31 मई तक होगी। बोनस पर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ है।

आज इस संबंध में खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा समस्त कलेक्टर तथा संभागायुक्तों के नाम से विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि किसानों से धान खरीदी की अधिकतम सीमा 15 क्विंटल प्रति एकड़ तथा मक्का के लिए 10 क्विंटल प्रति एकड़ लिंकिंग सहित निर्धारित की गई है। धान का उपार्जन मार्कफेड द्वारा तथा मक्का का स्टेट सिविल सप्लाइज कार्पो. द्वारा किया जाएगा। धान की खरीदी पिछले साल की 1995 खरीदी केन्द्रो के अतिरिक्त इस साल बनाए गए नए केन्द्रों में भी की जाएगी।

सभी जिला कलेक्टरों से कहा गया है कि गांवों को निकटस्थ उपार्जन केन्द्र से जोड़ने का काम 10 नवंबर तक कर ली जावे। धान खरीदी की समयावधि के दौरान सप्ताह में सोमवार से शुक्रवार तक धान की खरीदी होगी तथा शनिवार को उसका ब्यौरा साफ्टवेयर में अपलोड कराने का कार्य होगा। शासकीय अवकाशों के दिन धान की खरीदी स्थगित रहेगी। हालाकि धान खरीदी के प्रथम दिवस 1 दिसंबर को रविवार होने के बावजूद धान खरीदी की जाएगी। धान खरीदी के लिए विपणन संघ को समितियों को अग्रिम राशि प्रदान की जाएगी ताकि किसानों को भुगतान करने में कोई समस्या न हो। भुगतान आनलाइन किया जावेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button