रायपुर

धान खरीदी पर उबाल: कांग्रेसी जाएंगे दिल्ली तो भाजपाई जाएंगे ‘जेल’

कांग्रेस का आंदोलन 13 को दिल्ली में, छग में होगा भाजपा का जेल भरो आंदोलन

रायपुर {दीपक दुबे} । छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर जारी सियासी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। केंद्र सरकार से नाराज प्रदेश की कांग्रेस सरकार हो या प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगा रही भाजपा, दोनों ही धान खरीदी विवाद में स्वयं को किसान हितैषी साबित करने में लगे हैं।

केंद्र सरकार द्वारा धान खरीदी की मनाही के बाद जहां एक ओर कांग्रेस 2500 रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीदी के लिए 13 नवंबर को दिल्ली में आंदोलन करेगी, वहीं दूसरी ओर उसी दिन भाजपा प्रदेश में कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ जेल भरो आंदोलन करेगी। भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कांग्रेस सरकार के वादाखिलाफी के नाम पर जेल भरो आंदोलन करने का फैसला लिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह का कहना है कि “15 नवंबर से धान की खरीदी सुनिश्चित किया जाना चाहिए, हर साल 1 नवंबर से खरीदी शुरू हो जाती थी। कांग्रेस ने चुनाव घोषणा पत्र में इस बात का जिक्र किया था कि वो 2500 रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीदी करेगी। लेकिन, अब कांग्रेस इस मुद्दे पर आनाकानी कर रही है। पर बोनस के मुद्दे पर सरकार ने चुप्पी साध रखा है। वहीं चना की खरीदी 4900 और गन्ने की समर्थन मूल्य भी बढ़े दाम में करने की बात कही गयी थी। लेकिन, इस तमाम मुद्दों पर कांग्रेस सरकार चुप्पी साधे रखी है।

पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बताया कि भाजपा दो बड़े आंदोलन करने जा रही है। पहला 10 नवंबर को मंडल स्तर तक किसानों के साथ भाजपा उनको घोषणा पत्र में किये वादों की याद दिलायेंगे और घोषणापत्र को जलायेंगे। दूसरा 13 नवंबर को प्रदेश भर में जेल भरो आंदोलन किया जायेगा। इस आंदोलन में हजारों की संख्या में किसानों के साथ भाजपा के पदाधिकारी अपनी गिरफ्तारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button