पेण्ड्रा-मरवाही

सांसद अरुण साव ने समीरा पैकरा के लिए किया जनसंपर्क, कहा- गांव और किसानों का विकास हम करेंगे

पेंड्रा। जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव लड़ रहीं समीरा पैकरा के पक्ष में आज प्रचार करने सांसद अरूण साव पेंड्रा की गांव-गांव पहुंचे। वहां उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि भाजपा ही गांव-गरीब, मजदूर-किसान का विकास कर सकती है। कांग्रेस ने धान खरीदी में अभी किसानों को छला है इसलिए आप सब सतर्क हो जाइए और भाजपा के प्रत्याशियों को जिताइए। हम जिला पंचायत के माध्यम से गांवों का विकास करेंगे।

जिला पंचायत उपाध्यक्ष समीरा पैकरा का पेंड्रा क्षेत्र के गांवों में मजबूत पकड़ है। इस बार वे फिर से जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव लड़ रहीं हैं। यहां पर कहा तो यह जा रहा है कि समीरा पैकरा सदस्य के लिए ही नहीं जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने भी उनके चुनाव को गंभीरता से लिया है। आज समीरा पैकरा के पक्ष में प्रचार करने के लिए सांसद अरुण साव यहां आए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों, मजदूरों और गांव-गरीब का विकास भाजपा ही कर सकती है। कांग्रेस ने तो इन सभी वर्गों का शोषण ही किया है। प्रधानमंत्री सड़क योजना भाजपा सरकार की देन है। घर-घर रसोई गैस योजना नरेंद्र मोदी सरकार की देन है। गांव-गांव में सीसी सड़क का निर्माण रमन सिंह मुख्यमंत्री रहते छत्तीसगढ़ में शुरू हुआ।

प्रदेश सरकार ने किसानों को धान खरीदी में किस तरह से ठगा है यह सबको पता है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार की मंशा किसानों और मजदूरों के विकास के लिए नहीं है। पिछले एक साल के कार्यकाल में यह साफ समझ में आ गया है। अरुण साव ने ग्रामीणों से कहा कि वे जनपद और जिला पंचायत में भाजपा को जिताएं, हम विकास करेंगे। समीरा पैकरा के पक्ष में ऐसे भी माहौल बना हुआ है। आज नवापारा और बचरवार में सांसद साव ने घर-घर जनसंपर्क करके और सभा करके यहां भाजपा के  नेताओं और कार्यकर्ताओं को और उत्साहित कर दिया है। सांसद साव ने यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा भी की और सभी से एकजुट होकर चुनाव प्रचार करने की बात कही।

Back to top button